भारतीय सिनेमा के जाने माने संगीतकार ए आर रहमान इन दिनों चर्चा में हैं। हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म ‘रामायण’ में उन्होंने म्यूजिक दिया है, जो लगातार सुर्खियों में है। ‘रामायण’ के अभी तक 4 गाने रिलीज हो चुके हैं। हालांकि इन्हें तारीफ के साथ-साथ आलोचना भी मिल रही है।
हाल ही में ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज हुआ था। इसमें भगवान राम और मां सीता का शुभ विवाह देखने को मिला। हालांकि गाने की धुन को ‘कव्वाली’ जैसा म्यूजिक बताया गया। कुछ ने कहा कि इसे सुनकर संगीतकार रहमान के पुराने गाने याद आ रहे हैं, तो किसी ने ‘सनातन धर्म’ से जुड़े म्यूजिक का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
आलोचना पर क्या बोले रहमान?
अब रहमान ने गाने की आलोचना पर बात की है। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस संग बातचीत में कहा, ‘मैं अपना पहला आलोचक हूं। ऐसा नहीं है कि मुझे अपना किया सबकुछ पसंद है।’ उन्होंने आगे बताया, ‘हम किसी भी चीजों को लेकर एक दिन में फैसला नहीं करते। कभी-कभी हम इसके साथ महीनों रहते हैं। इसके साथ एक सोच चलती है।’
संगीतकार ने यह भी कहा, ‘कभी-कभी आपको मानवविज्ञान को भी ध्यान में रखना होता है। कभी-कभी आप किसी चीज को अचार की तरह रखते हैं, धुन को साधने के लिए, जितनी पुरानी वो होगी, उतनी बेहतर बनेगी। लोग पूरी तस्वीर नहीं देखते, हैं न? तो कभी-कभी आपको धैर्य रखना होता है। उन्हें इस बारे में पता चलता है और वह कहते हैं, ‘ओह, आपने इसलिए यह किया था या वो किया था।’
रहमान कहते हैं कि एक वक्त के बाद इंसान को हर टिप्पणी से परेशान न होना सीखना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘जैसे स्टीव जॉब्स ने कहा था: अगर आपको सबको खुश करना है, तो जाओ जाकर आइस क्रीम बेचो।’
‘मंगल रंग’ गाने एक लिए ए आर रहमान ने बिलावल थाट के शुद्ध नोट्स लिए हैं। इसमें राग मांड को मिलाया है, जिसे भजन और शादी के गानों में इस्तेमाल किया जाता है। इसके साथ उन्होंने रोमांटिक पहाड़ी म्यूजिक का मिश्रण डाला है। ये कव्वाली के कोमल नोट्स जैसे काफी, खमाज और आसावरी थाट से एकदम अलग है।
यह भी पढ़ें: धमकी के बाद बिग बी ने बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से किया फैंस का अभिवादन, निगरानी करते दिखे अभिषेक
रहमान ने जिमर संग काम पर की बात
‘रामायण’ के लिए रहमान ने लेजेंडरी जर्मन संगीतकार हांस जिमर संग हाथ मिलाया है। दोनों ने मिलकर फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है। जिमर, हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘इंटरस्टेलर’, ‘इंसेप्शन’ और ‘ग्लेडिएटर’ संग अन्य में म्यूजिक दे चुके हैं। प्रोड्यूसर जिमर और रहमान को साथ लाकर पूर्व और पश्चिम को साथ लाने की कोशिश में हैं।
रहमान का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि हांस जिमर एकदम अलग तरह के दर्शकों को हमारे देश की संस्कृति से जुड़ी कहानी का अनुभव करवाएंगे। उन्होंने कहा, ‘उनका रामायण में आना एकदम नए लोगों की दिलचस्पी साथ लाएगा।’
संगीतकार ने आगे कहा, ‘इस फिल्म में संगीत है और इसमें गाने हैं। इसमें शायद 10 फिल्मों के बराबर काम किया गया है, जहां पांच अलग-अलग भाषाएं थीं और दो अलग वर्जन- एक हॉलीवुड वर्जन और एक भारतीय वर्जन हैं। हर धुन के लिए पूरी टीम पर जबरदस्त प्रेशर था। तभी आपको समझ आता है कि उन्होंने (मेकर्स ने) कितना कुछ दांव पर लगाया हुआ है, इसलिए वो श्योर होना चाहते हैं। रिजल्ट देखना बहुत बढ़िया था। देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग कैसे इसपर झूम रहे हैं।’
‘मंगल रंग’ गाने की बात करें तो इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है। इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं। फिल्म ‘रामायण’, दो भागों में बनी है। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने को तैयार है। पिक्चर ने अभी से एडवांस बुकिंग के जरिए 75 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
