पंजाबी-कैनेडियन सिंगर और रैपर एपी ढिल्लों का दिल्ली कॉन्सर्ट पिछले साल दिसंबर में गलत वजहों से सुर्खियों में आ गया था। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए इस शो के दौरान कई दर्शकों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत की थी। अब इस पूरे मामले पर एपी ढिल्लों ने कपिल शर्मा के शो में मज़ाकिया अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी है।

The Great Indian Kapil Show के आने वाले एपिसोड के प्रोमो में कपिल शर्मा ने एपी ढिल्लों के महंगे कॉन्सर्ट टिकट और शो के दौरान फोन वॉलेट चोरी होने पर तंज कसा। कपिल ने मज़ाक में कहा, “एपी स्टेज पर अपना टैलेंट दिखा रहे थे… और लोग ऑडियंस में अपना टैलेंट।”

इस पर एपी ढिल्लों ने तुरंत चुटीला जवाब देते हुए कहा, “जिसने 6 लाख दिए हैं, पूरा तो करना है।” उनका यह जवाब सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंसी से लोटपोट हो गए।

Also Read: रोमांस से लेकर एक्शन तक, O Romeo से पहले OTT पर देख लें शाहिद कपूर की ये शानदार फिल्में

इस एपिसोड में कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी भी एपी ढिल्लों के साथ नज़र आएंगे। प्रोमो में कपिल शर्मा ने दोनों का परिचय अपने अंदाज़ में देते हुए कहा, “आज इस मंच पर दो ग्लोबल स्टार मौजूद हैं – एपी ढिल्लों और कपिल शर्मा,” जिस पर दर्शकों की हंसी छूट पड़ी।

शो में किकू शारदा ‘छोटा शेख’ और कृष्णा अभिषेक ‘बड़ा शेख’ के किरदार में दिखाई देंगे, जबकि सुनील ग्रोवर ‘डायमंड राजा’ बनकर एंट्री लेंगे। प्रोमो में एपी ढिल्लों का ‘ब्राउन मुंडे’ स्वैग भी साफ़ झलकता है।

दिल्ली कॉन्सर्ट और मोबाइल चोरी का मामला

एपी ढिल्लों के One of One India Tour 2025 के तहत दिल्ली, चंडीगढ़ और मुंबई में हुए कॉन्सर्ट्स के बाद मोबाइल चोरी की कई शिकायतें सामने आई थीं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था और करीब 40 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए थे।

पुलिस के मुताबिक, यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह था, जो कॉन्सर्ट्स को निशाना बनाकर हाई-एंड फोन चुराता था। बरामद किए गए फोनों में iPhone 17 Pro Max और Samsung S24 Ultra जैसे महंगे डिवाइसेज़ भी शामिल थे।

6.25 लाख रुपये तक पहुंचे थे टिकट

एपी ढिल्लों के इस टूर में मुंबई का सबसे महंगा VVIP क्रिस्टल पैकेज करीब 6.25 लाख रुपये का था। यह पैकेज 15 लोगों के ग्रुप के लिए था, जिसमें प्राइवेट एंट्री, बेहतर व्यू, और लग्ज़री डाइनिंग जैसी सुविधाएं शामिल थीं।

फोन चोरी की घटना भले ही गंभीर रही हो, लेकिन कपिल शर्मा के शो में एपी ढिल्लों का हल्का-फुल्का अंदाज़ दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।