दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘सतलुज’ पर चल रहे विवाद के बीच कई लोग समर्थन में आगे आए हैं। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म का पायरेटेड वर्जन देखा और इसकी खूब तारीफ की। अब अनुराग कश्यप ने भी इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ OTT से हटाए जाने के बाद लगातार विवादों में बनी हुई है। तीन साल तक सेंसर सर्टिफिकेट के लिए लंबी लड़ाई लड़ने के बाद फिल्म आखिरकार जी5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन प्रीमियर के महज दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। अब तक फिल्म हटाए जाने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
विवाद के बीच फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने ‘सतलुज’ के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि किसी फिल्म को दबाने या हटाने की कोशिश अक्सर लोगों की जिज्ञासा और बढ़ा देती है।
अनुराग कश्यप ने लिखा, “किसी चीज पर जितना ज्यादा बैन लगाया जाता है, उतना ही ज्यादा लोग उसे देखना चाहते हैं। मैं तो यह फिल्म देखने की योजना भी नहीं बना रहा था, लेकिन अब मुझे इसे जरूर देखना पड़ेगा, ताकि समझ सकूं कि आखिर इसे बैन क्यों किया गया।”
अनुराग के अलावा फिल्ममेकर नंदिनी रेड्डी ने भी ‘सतलुज’ को OTT से हटाए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि फिल्म का दर्दनाक असर इतना गहरा था कि आखिरी 30 मिनट देखने से पहले उन्होंने ब्रेक लिया, लेकिन फिल्म हटने की वजह से उसे पूरा नहीं देख सकीं।
यह भी पढ़ें: क्यों बैन हुई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’? सेंसर बोर्ड से लेकर ZEE5 से हटने तक क्या-क्या हुआ?
नंदिनी ने लिखा, “मैंने यह शानदार फिल्म देखनी शुरू की थी, लेकिन इसके भावनात्मक असर के कारण आखिरी 30 मिनट अगले दिन देखने का फैसला किया। अफसोस, मैं इसे पूरा नहीं देख पाई।”
उन्होंने दिलजीत दोसांझ और हनी त्रेहान की तारीफ करते हुए कहा कि अगर सच कहने की आजादी ही न रहे, तो आजादी का मतलब क्या रह जाता है। फिल्म पर हो रहे विवाद के बारे में पूरी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…
