फिल्ममेकर और अभिनेता अनुराग कश्यप के खिलाफ सूरत की एक अदालत ने जमानती वारंट जारी किया है। पिछले साल सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी हुआ है। अनुराग कश्यप को कई बार समन भेजे गए थे। यहां तक कि एक अखबार के जरिए भी सार्वजनिक समन प्रकाशित कराया गया, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुए। अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर को होगी।
अनुराग कश्यप के खिलाफ अखबार में भी छपा समन
इस मामले में हिंदू संगठनों विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल की ओर से पैरवी कर रहे वकील कमलेश रावल ने पीटीआई को बताया कि शुरुआत में अनुराग कश्यप को बयान और सत्यापन के लिए अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन वह नहीं आए। इसके बाद ट्रायल कोर्ट ने उनके खिलाफ कार्यवाही शुरू की और समन जारी किया। इसके बावजूद जब वह पेश नहीं हुए तो अदालत ने अखबार में सार्वजनिक समन प्रकाशित कराने का आदेश दिया। मुंबई संस्करण के एक प्रमुख अखबार में समन प्रकाशित कराया गया, लेकिन इसके बाद भी अनुराग कश्यप अदालत नहीं पहुंचे।
अनुराग कश्यप के खिलाफ आगे की कार्रवाई
अब जारी जमानती वारंट के तहत अनुराग कश्यप को अदालत में पेश होकर जमानत देनी होगी। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। हालांकि इस मामले में अब तक अनुराग की तरफ से कोई जानकारी या रिएक्शन सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: अनुराग कश्यप का बयान- ऑस्कर के लिए गलत फिल्मों का चयन करता है भारत, राजनीति से होता है खेल खराब
क्या है पूरा मामला?
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद का आरोप है कि अनुराग कश्यप ने पिछले साल 16 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कथित तौर पर पूरे ब्राह्मण समुदाय का अपमान किया था। दरअसल, एक यूजर ने अनुराग कश्यप के एक पोस्ट पर आपत्ति जताई थी। इसके जवाब में फिल्ममेकर ने लिखा था, ‘ब्राह्मण होने के नाते आपने क्या हासिल किया है?’
हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस टिप्पणी के जरिए अनुराग कश्यप ने पूरे ब्राह्मण समुदाय को नीचा दिखाने की कोशिश की। हालांकि अनुराग ने इसके लिए माफी मांगी थी। बढ़ते विवाद को देख अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर अपना माफीनामा लिखा था।
उन्होंने लिखा था, ” मैं गुस्से में किसी को एक जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज, जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत योगदान करते हैं। आज वो सब मुझसे आहत हैं। मेरा परिवार मुझसे आहत है। बहुत सारे बुद्धिजीवी, जिनकी मैं इज्जत करता हूं मेरे उस गुस्से में, मेरे बोलने के तरीके से आहत हैं। मैंने खुद ही ऐसी बात करके, अपनी ही बात को मुद्दे से भटका दिया।”
उन्होंने आगे लिखा था, “मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं, इस समाज से जिनको मैं ये नहीं कहना चाह रहा था, लेकिन आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए लिख दिया। मैं माफी मांगता हूं अपने उन तमाम सहयोगी दोस्तों से, अपने परिवार से और उस समाज से, अपने बोलने के तरीके के लिए, अभद्र भाषा के लिए। अब आगे से ऐसा न हो, मैं उस पर काम करूंगा। अपने गुस्से पर काम करूंगा। मुद्दे की बात अगर करनी हो तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूंगा। आशा है आप मुझे माफ कर देंगे।” पूरे विवाद के बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
