फिल्ममेकर अनुराग कश्यप अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह कई बार देश-विदेश और इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय खुलकर लोगों के सामने देते हुए नजर आते हैं। हालांकि, बहुत बार उनकी बेबाक बातें सुर्खियों और विवादों का हिस्सा भी बन जाती हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब अनुराग ने कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ को बकवास बताया।

कश्यप ने पहले फिल्म के डायरेक्टर की बुराई की, उन पर लालच में काम करने का आरोप लगाया था। इसके बाद कामाख्या ने भी अनुराग पर पलटवार किया था। अब एक बार फिर अनुराग कश्यप ने एक इवेंट में मीडिया से बात करते हुए इस मूवी को सीधा-सीधा प्रोपेगैंडा बता दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि बीफ खाने में कोई दिक्कत नहीं है।

यह भी पढ़ें: जब दीवानगी बनी पहचान, यूं ही नहीं हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहलाए राजेश खन्ना, जानें वजह | रील गाथा

फिर अनुराग कश्यप ने साधा निशाना

द केरल स्टोरी 2‘ को लेकर अनुराग कश्यप ने फिर एक बार निशाना साधा है। दरअसल, सोशल मीडिया पर अनुराग कश्यप का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह केरल में हुए साउथ फिल्मफेयर अवार्ड्स के दौरान मीडिया से बात करते हुए नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान, उन्होंने फिल्म की बुराई दोहराने से पहले अचानक एक लोकल डिश की तारीफ की।

अनुराग ने कहा, “बीफ पराठा सबसे अच्छा है।” फिर जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खास तौर पर केरल के पराठे की बात कर रहे थे, तो उन्होंने साफ किया, “बीफ पराठा। बीफ पराठा सबसे अच्छा है।” इसके बाद फिल्ममेकर से पूछा गया कि क्या उन्हें बीफ पसंद है, तो उन्होंने हां में जवाब दिया। फिर उनसे कहा गया कि बीफ खाना एक प्रॉब्लम है, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह कोई प्रॉब्लम नहीं है। कोई प्रॉब्लम नहीं है।”

इसके बाद मीडिया और कश्यप की बातचीत ‘द केरल स्टोरी 2’ पर आ गई। फिल्म के ट्रेलर के बारे में पूछे जाने पर, कश्यप ने इसके ट्रेलर को बकवास बताया। जब उनसे आगे पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि यह प्रोपेगैंडा है तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल।”

अनुराग ने पहले कही थी ये बात

इससे पहले अनुराग ने केरल में ही हुए एक इवेंट में कहा था, “द केरल स्टोरी 2′ बकवास फिल्म है। यह बकवास प्रचार है। ऐसा कौन बीफ खिलाता है? ऐसा कोई खिचड़ी भी नहीं खिलाता। वे सिर्फ पैसा कमाना चाहते हैं और हर किसी को खुश करना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं। फिल्म निर्माता लालची आदमी है। वह सिर्फ पैसा कमाना चाहता है।”

कामाख्या नारायण सिंह ने किया था पलटवार

अनुराग के इस स्टेटमेंट के बाद ‘द केरल स्टोरी 2’ के डायरेक्टर ने भी इस पर पलटवार किया था। कामाख्या नारायण सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा था, “अनुराग कश्यप जी ने कहा है कि कोई ऐसे किसी को खिचड़ी भी नहीं खिलाता, मैं एकदम मानता हूं, कोई किसी को ऐसे लड्डू भी नहीं खिला सकता। हालांकि, दुर्भाग्य हमारे समाज में हमारी मासूम बेटियों को उनका धर्म परिवर्तन करने के लिए उनको बीफ खिलाया जा रहा है, यह एक क्राइम है।”

इसके आगे उन्होंने कहा, “प्रॉब्लम यह है कि अनुराग कश्यप जी मानसिक रूप से दुर्बल हो गए हैं, उनको हर चीज से दिक्कत है, उनको ब्राह्मणों से दिक्कत है, उनको नेटफ्लिक्स से दिक्कत है, उनको फिल्म इंडस्ट्री से दिक्कत है, इस आदमी को हर चीज से दिक्कत है। इन्होंने एक फिल्म बनाई थी ‘द गर्ल इन येलो बूट्स’ उसमें इन्होंने कल्पना की है एक पिता और बेटी के अनैतिक संबंध को।

एक सभ्य समाज में ये सोचने के परे हैं, पर ये आदमी मानसिक रूप से दुर्बल हो गया है और समाज ने भी इसको सीरियसली लेना छोड़ दिया है। इनकी सारी फिल्में पिछले कहीं सालों से फ्लॉप हैं। मैं परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इनको सद्बुद्धि दे।”

यह भी पढ़ें: The Kerala Story 2 के सीन पर नहीं चली सेंसर बोर्ड की कैंची

फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के निर्माताओं ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर उन खबरों का खंडन किया, जिनमें कहा गया कि अदालत के हस्तक्षेप के बाद फिल्म का टीजर हटा दिया गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें