राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और पद्मश्री सम्मानित गायिका अनुराधा पौडवाल इस वक्त अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ‘विश्वगुरु’ की अवधारणा पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब देश में हजारों स्कूल बंद हो रहे हैं, तब भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाने का दावा विरोधाभासी लगता है।

हाल ही में शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अनुराधा पौडवाल ने देश में शिक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “कुछ साल पहले तक मुझे पूरा विश्वास था कि भारत विश्वगुरु बनेगा। लेकिन अब जो हालात दिख रहे हैं, वे इस सोच के बिल्कुल उलट हैं। ऐसे में हम विश्वगुरु कैसे बनेंगे? या तो ‘विश्वगुरु-विश्वगुरु’ कहना बंद कर दीजिए, या फिर ये सब नॉनसेंस बंद करें।”

देश की शिक्षा व्यवस्था पर कही ये बात

अनुराधा पौडवाल ने बातचीत के दौरान शिक्षा व्यवस्था और ‘विश्वगुरु’ के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “क्या हमें शिक्षित नहीं बनना था? मुझे समझ नहीं आता कि हम शिक्षित समाज बनने की बात करते हैं, लेकिन हमारे देश में 93 हजार स्कूल बंद पड़े हैं। फिर ‘विश्वगुरु’ बनने की बुनियाद क्या है? सिर्फ सपने देखने से कुछ नहीं होगा, उसके लिए जमीनी स्तर पर काम भी करना पड़ेगा।”

राम मंदिर के चढ़ावा चोरी पर भी बोलीं अनुराधा पौड़वाल

उन्होंने आगे ‘रामराज्य’ का जिक्र करते हुए कहा, “रामराज्य की बात की जाती है, लेकिन यहां तो मंदिर में ही चोरी हो गई। मैं ‘विश्वगुरु’ बनने के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन उससे जुड़े मापदंड क्या हैं? उनकी एक सूची दीजिए, ताकि हम भी उन्हें अपनाकर उस दिशा में आगे बढ़ सकें।”

यह भी पढ़ें: 42 साल पहले दूरदर्शन पर आया था भारत का पहला टीवी सीरियल, 156 एपिसोड तक दर्शकों का रहा पसंदीदा, क्या आपने देखा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ये सितारे भी दे चुके बयान

अनुराधा पौडवाल से पहले अनुपम खेर ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हुए कहा था कि यदि घर में चोरी होती है, तो दोष चोर का होता है, घर का नहीं。 उन्होंने जोर देकर कहा कि इस घटना के लिए दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन कुछ लोगों के लालच की वजह से पूरे मंदिर या सनातन धर्म की छवि को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में मंदिरों की लूट कोई नई बात नहीं है। अपने बयान में उन्होंने मुगल काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में मंदिर तोड़े गए और उनकी संपत्ति लूटी गई। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई।

शेखर सुमन ने चोरी को लेकर सरकार पर किया कटाक्ष

शेखर सुमन ने अपने टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ में अयोध्या के राम मंदिर में चोरी के मामले में तंज कसा था। जिसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया था। कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मंदिर में भी चोरी? कलयुग ओवरटाइम काम कर रहा है।”

यह भी पढ़ें: ‘कुकिंग हमारी ताकत है’, कंगना रनौत ने किया आनंदीबेन पटेल का सपोर्ट, बोलीं- भाई फुटबॉल खेलता था लेकिन मैं…

इसके अलावा अपने वीडियो में उन्होंने कहा था, “अयोध्या से राम मंदिर में चोरी होने की खबर आईं। राम के घर चोरी? अरे! राम राम राम। इस बारे में जब हमने भाजपा वालों से पूछा तो एक भाजपाई ने झुंझला के कहा अरे भाई साहब, अयोध्या से हमारी सीट चोरी हो गई है, तुम्हें चढ़ावे की पड़ी है। जब मीडिया ने सरकार के किसी मंत्री से इस चोरी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मामला है। सही कहा मंत्री जी मामला ‘ट्रस्ट’ का ही है। और वो इतनी बार टूट चुका है कि अब ट्रस्ट पर ट्रस्ट ही नहीं रहा रे।” इससे जुड़ी खबर को विस्तार में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…