‘प्रेमम’, ‘कार्तिकेय 2’ और ‘टिल्लू स्क्वायर’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखा चुकीं साउथ अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन ने अपने पुराने रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने करीब दो साल तक ‘नार्सिसिस्टिक अब्यूज’ झेला। बता दें कि यह इंटरव्यू अभिनेत्री के सोशल मीडिया पर किए गए क्रिप्टिक पोस्ट के कुछ हफ्तों बाद आया है, जिसके बाद एक्टर ध्रुव विक्रम के साथ उनके ब्रेकअप की अटकलें लगने लगी थीं।
मेंटल हेल्थ पर अनुपमा ने कही ये बात
धन्या वर्मा को दिए इंटरव्यू में अनुपमा ने बताया कि अपने रिश्ते का उनकी शारीरिक और मानसिक सेहत पर काफी असर पड़ा। हालांकि, उन्होंने अपने एक्स पार्टनर का नाम नहीं लिया। अपनी पोस्ट का जिक्र करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “उस एक पोस्ट के पीछे दो साल का दर्द, शारीरिक और भावनात्मक टूटना है।”
बता दें कि अनुपमा ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट की थी, उसमें उन्होंने लिखा था कि आपको अपनी शांति पाने के लिए उस रास्ते को छोड़ना होगा, जिसका कोई अंत नहीं है। इंटरव्यू में अनुपमा ने बताया बताया कि उन्होंने यह पोस्ट अचानक नहीं किया था। वह तब तक इंतजार करती रहीं, जब तक उन्हें सच में नहीं लगा कि वह पूरी तरह ठीक हो चुकी हैं।
अनुपमा ने कहा, “मैं कोई रैंडम तस्वीर पोस्ट नहीं करना चाहती थी। मैं तब कुछ पोस्ट करना चाहती थी, जब मैं तैयार हो जाऊं और सच में ठीक हो जाऊं। यह एक लड़की का सफर था, जिसने अपने और अपनी जिंदगी के बारे में एक बहुत बड़ी बात समझी और उसे ठीक होने और अपनी बात कहने में समय लगा।”
नार्सिसिस्टिक अब्यूज के बारे में क्या बोलीं अनुपमा
अनुपमा ने बताया कि उनकी पोस्ट पर लोगों की अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ लोगों ने उनका दर्द समझा, जबकि कुछ ने उनके खिलाफ निगेटिव कमेंट्स किए। अपने साथ हुए व्यवहार को समझाने के लिए अनुपमा ने तमिल फिल्म के कुछ मशहूर किरदारों का उदाहरण दिया। उन्होंने अपने पूर्व पार्टनर की तुलना शंकर की फिल्म ‘अन्नियन’ के किरदार से की, जिसमें एक ही इंसान के अलग-अलग रूप देखने को मिलते हैं।
अनुपमा ने कहा, “बहुत से लोग नार्सिसिस्टिक अब्यूज के बारे में नहीं जानते। एक दिन वह रेमो होगा। हमें बहुत प्यार और देखभाल मिलेगी और हमें लगेगा कि हम दुनिया के सबसे खुशनसीब इंसान हैं। लेकिन अगले दिन वह ‘अन्नियन’ बन जाएगा। उसका सबसे क्रूर रूप सामने आएगा और उसे आसपास क्या हो रहा है, इसकी कोई परवाह नहीं होगी। अगले दिन वही इंसान अंबी बनकर अपनी गलतियों के लिए माफी मांगेगा और बच्चे की तरह रोएगा। वह वादा करेगा कि दोबारा ऐसा नहीं करेगा, लेकिन फिर वही प्यार का चक्र शुरू हो जाएगा।”
हमेशा डर में रहती थीं अनुपमा परमेश्वरन
अनुपमा ने बताया कि उन दो सालों में आगे बढ़ने के बजाय वह खुद को लगातार छोटा महसूस करने लगी थीं। उनका काफी वजन कम हो गया था और वह हमेशा डर में रहती थीं। उन्हें नहीं पता होता था कि अगले दिन सामने वाले का कौन सा रूप देखने को मिलेगा। फिर उन्होंने नार्सिसिस्टिक अब्यूज को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाओं को भी अलग-अलग कैटेगरी में बांटा।
अनुपमा ने कहा, “पहली कैटेगरी उन लोगों की है, जो इसे जानते हैं, जिन्होंने इसे झेला है या जिन्होंने अपने परिवार और दोस्तों को इससे गुजरते देखा है। दूसरी कैटेगरी उन लोगों की है, जिन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने शायद यह शब्द सुना हो, लेकिन इसके बारे में जानने की कोशिश नहीं की। तीसरी कैटेगरी के लोग इसे जेंडर से जोड़कर देखते हैं और अपनी धारणाओं के आधार पर निगेटिव कमेंट करते हैं।”
हालांकि, अनुपमा ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता चौथी कैटेगरी के लोगों की है। उन्होंने कहा, “अगली कैटेगरी उन लोगों की है, जिनसे मैं बात करना चाहती हूं। ये वे लोग हैं, जो ऐसी स्थिति से गुजर रहे हैं लेकिन अभी तक इसे पहचान नहीं पाए हैं। यही सबसे खतरनाक कैटेगरी है।” अनुपमा परमेश्वरन और ध्रुव विक्रम के रिश्ते की खबरें पहली बार 2025 की शुरुआत में सामने आई थीं।
उस समय दोनों डायरेक्टर मारी सेल्वराज की फिल्म ‘बाइसन कालामादन’ की शूटिंग और प्रमोशन कर रहे थे। यह स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा कबड्डी खिलाड़ी मनाथी गणेशन की जिंदगी से प्रेरित थी और अक्टूबर 2025 में रिलीज हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों की एक कथित किसिंग फोटो वायरल हुई, जिससे उनके रिश्ते की अफवाहों को और हवा मिली। हालांकि, दोनों ने कभी भी इन खबरों पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा।
इस फिल्म से की करियर की शुरुआत
अनुपमा परमेश्वरन ने साल 2015 में मलयालम फिल्म ‘प्रेमम’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने मैरी जॉर्ज का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने मलयालम, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में काम किया। ‘अ आ’, ‘कोडी’, ‘शतमानम भवति’, ‘कार्तिकेय 2’ और ‘तिल्लू स्क्वायर’ उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं।
हाल ही में वह ‘ड्रैगन’ (2025) और ‘परधा’ (2025) में नजर आई थीं। उनकी आने वाली फिल्मों में ‘क्रेज़ी कल्याणम, ‘भोगी’ और ‘मरीचिका’ शामिल हैं। बता दें कि अनुपमा परमेश्वरन और ध्रुव विक्रम ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर न तो पुष्टि की है और न ही इनकार किया है।
