दिल्ली में जंतर मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठी चार्ज किया जिसके बाद कई सेलेब्स और इंफ्लुएंसर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा की। सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए सुर्खियों में रहने वाले एक्टर अनुपम खेर और स्वरा भास्कर का पुलिस के इस एक्शन पर रिएक्शन सामने आए हैं। अपने इंस्टाग्राम पर दोनों एक्टर्स ने एक वीडियो साझा किया जिसमें अपनी बातों को शेयर किया।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर अपने वीडियो मैसेज में साफ कहा कि छात्र किसी भी देश की सबसे बड़ी उम्मीद होते हैं, उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वहीं एक्ट्रेस स्वरा भास्कर पुलिस के इस बर्ताव के बाद सरकार पर भड़कती दिखाई दीं। उनका कहना है कि सरकार ने छात्रों के खिलाफ एक जंग शुरू कर दी है जो काफी गलत है।

यह भी पढ़ें- ‘मेरा इस फिल्म से कोई लेना-देना नहीं है’,’चौहान’ टीजर में अपनी आवाज बदले जाने पर भड़के जीशान अय्यूब

अनुपम खेर ने अपने वीडियो में कहा, ‘मेरे प्यारे छात्रों नमस्ते, 1-2 दिन पहले आपके प्रदर्शन की तस्वीरें देखकर मन व्याकुल भी हुआ और दुखी भी। किसी भी छात्र को अपनी बात कहने के लिए ऐसी परिस्थितियों से नहीं गुजरना चाहिए। मैं भी कभी छात्र था, मैंने भी सपने देखे, सवाल पूछे, व्यवस्था की कई बातों से असहमति जताई।’

अनुपम खेर का बयान- छात्र आंदोलन सबसे सच्ची आवाज

आगे एक्टर ने कहा, ‘आज भी मेरे संस्थान में सैंकड़ों विद्यार्थी हैं, इसलिए मैं आपकी बेचैनी, आपका गुस्सा और आपकी उम्मीदें समझ सकता हूं। मेरी नजर में छात्र आंदोलन सबसे सच्ची आवाज हैं। उनमें कोई स्वार्थ नहीं होता, उन्हें बस अपने भविष्य की चिंता होती है और देश को बेहतर बनाने का सपना भी होता है, इसलिए मैं दिल से आपके साथ हूं।’

अनुपम खेर का छात्रों को संदेश- राजनैतिक अवसरवादियों से बचें

‘बड़े भाई होने के नाते मैं एक बात और कहना चाहता हूं, जब आपके आंदोलन में बाहर के लोग घुसने लगते हैं, राजनैतिक अवसरवादी, हर आंदोलन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले लोग या ऐसे लोग जिसका मकसद आपका मुद्दा नहीं बल्कि अपना एजेंडा होता है, तब सावधान हो जाइए। शुरू में आपको लगेगा कि जितने लोग आपसे जुड़े, आपकी ताकत उतनी ही बढ़ी, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता, कई बार वही लोग आपकी ताकत को कमजोरी में बदल देते हैं।’

‘वो लोग आपकी आवाज नहीं बनते, बल्कि आपकी आवाज का इस्तेमाल करने लगते है। वो आपके दर्द को महसूस करने नहीं आते, वो आपके दर्द पर राजनैतिक इमारत खड़ी करने आते हैं और फिर धीरे धीरे आपका मुद्दा आपका नहीं रहता।’ अनुपम खेर ने कहा

यह भी पढ़ें- ‘मैं कभी जंतर-मंतर नहीं जाऊंगा’, मनोज मुंतशिर ने प्रदर्शनकारियों को कहा ‘देशद्रोही’, बोले- इस देश के युवाओं को…

एक्टर ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, छात्र किसी भी देश की सबसे बड़ी उम्मीद होते हैं। उनकी आवाज़ को सुना जाना चाहिए, समझा जाना चाहिए और उसका सम्मान होना चाहिए। मेरी केवल एक प्रार्थना है—अपनी लड़ाई, अपना मुद्दा और अपनी सोच किसी और के हाथों का औज़ार मत बनने दीजिए। यह संदेश किसी के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के भविष्य के पक्ष में है। सुरक्षित रहिए, जागरूक रहिए और अपने विवेक पर हमेशा भरोसा रखिए। जय हिन्द!

स्वरा भास्कर ने सरकार पर उठाए सवाल

एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सरकार के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की पूरी छूट दे रखी है। उनके मुताबिक, मौके पर RAF और CRPF की 20 कंपनियां तैनात हैं, जबकि कश्मीर से CRPF की 10 और पैरामिलिट्री कंपनियां बुलाए जाने की तैयारी है।

एक्ट्रेस ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया, “क्या हमारे देश के छात्र पाकिस्तान और चीन से भी ज्यादा खतरनाक हैं?” उन्होंने आगे कहा, “भारत सरकार ने देश के युवाओं और बच्चों के खिलाफ जंग छेड़ दी है, जो बेहद शर्मनाक है।”