बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने राम मंदिर के दान राशि में हुई कथित हेर फेर पर अपना रिएक्शन दिया है। एक्टर अक्सर इस तरह के गंभीर मुद्दों पर अपनी राय रखते दिखाई देते हैं। हाल ही में वह अपनी नई फिल्म ‘श्री राम भूमि’ के लिए आशीर्वाद लेने अयोध्या पहुंचे थे, जिस दौरान एक्टर ने अपनी राय मीडिया के सामने रखी। उनका कहना है कि इस मामले में जो भी लोग दोषी हैं, उन्हें जल्द ही सजा मिलनी चाहिए।
पीटीआई से बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने कहा कि वह यहां अपनी नई फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग के लिए अयोध्या आए थे और काम शुरू करने से पहले राम लला के दर्शन करना चाहते थे। एक्टर ने कहा कि उनके आशीर्वाद के बिना कैसे कोई काम शुरू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- ‘मेरी मौत के बाद ही रिलीज होगी मेरी बायोपिक’, सतलुज विवाद के दौरान दिलजीत दोसांझ का चौंकाने वाला बया
राम मंदिर के दान राशि में हुई हेरा फेरी के बारे में जब एक्टर से पूछा गया तो उन्होंने कहा- ‘इस घटना से मंदिर की गरिमा और प्रतिष्ठा पर कोई असर नहीं पड़ता। इस मंदिर के निर्माण के लिए लोगों ने 500 वर्षों तक इंतजार किया है। अगर कुछ लोग इस तरह के गलत काम करते हैं, तो उससे मंदिर की पवित्रता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
अभिनेता ने आगे कहा, ‘अगर किसी घर में चोरी हो जाए, तो लोग उस घर को दोष नहीं देते और न ही उसे छोड़ देते हैं। जो हुआ, वह गलत था और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था। लेकिन सनातन धर्म और भगवान राम युगों-युगों से हमारी आस्था और संस्कृति का हिस्सा रहे हैं। इस मामले में जो भी लोग दोषी हैं, उन्हें जरूर पकड़ा जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’
अनुपम खेर भारतीय सिनेमा के काफी दिग्गज कलाकारों में से एक हैं। अपनी लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने करीब 500 फिल्मों में काम किया है और अब जल्द ही फिल्म श्री राम भूमि में नजर आने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग अयोध्या में ही होगी।
यह भी पढ़ें- ‘लिफाफे में मिलती थी फीस, जैसे भिक्षा’, ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने पुराने दिन याद करते हुए किया चौंका देने वाला खुलासा
एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर भी यहां की तस्वीरें और वीडियो साझा की और साथ में अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, नई फिल्म “श्री रामभूमि” की शूटिंग का आज अयोध्या में पहला दिन है। श्री राममंदिर में जाकर रामलला से आशीर्वाद लिया। अपने, अपने परिवार और दोस्तों के लिए, फिल्म के लिए और आप सबके लिए भी। सुखद अनुभूति हुई, देश विदेश से आए हजारों राम भक्तों के साथ “जय श्री राम” की पुकार लगाई।
राम मंदिर दान राशि मामले में शुरुआती जांच के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया, जिसने चढ़ावे की गिनती और उससे जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान कई लोग रडार पर आए और कुछ आरोपियों की निशानदेही पर नकदी बरामद होने की भी खबरें सामने आईं।
बाद में पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें ट्रस्ट महासचिव के ड्राइवर का नाम भी शामिल बताया गया। वहीं, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान की वस्तुओं के गायब होने के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड सुरक्षित हैं और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।
