अनुपम खेर के लिए किरण खेर के साथ उनका रिश्ता प्यार से बहुत पहले शुरू हुआ था। पहले ये रिश्ता दोस्ती का था। हाल ही में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह किरण से शादी करेंगे, जबकि दोनों कई सालों तक अच्छे दोस्त रहे और बाद में प्यार में पड़कर 1985 में शादी कर ली।

टाइम्स नाउ से बातचीत में अभिनेता ने अपनी दोस्ती, किरण के बारे में पहली राय और जिंदगी के उस मोड़ के बारे में खुलकर बात की, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी।

अनुपम ने बताया कि उनकी मुलाकात चंडीगढ़ के डिपार्टमेंट ऑफ इंडियन थिएटर में हुई थी, जहां किरण पहले से ही छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय थीं।

उन्होंने कहा, “किरण मुझसे एक साल सीनियर थीं। वह स्टार थीं। अपनी बहन के साथ भारत के लिए बैडमिंटन (डबल्स) खेल चुकी थीं और इंग्लिश प्ले करती थीं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि हमारे बीच कुछ होगा। लेकिन उनका दिल बहुत बड़ा था।”

मुंबई आने के बाद भी दोनों की दोस्ती बनी रही। उस समय किरण की शादी बिजनेसमैन गौतम बेरी से हो चुकी थी, जबकि अनुपम फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: ‘ये बेमतलब…’, करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर शाहरुख खान को किया अनफॉलो, प्रियंका चोपड़ा से दोस्ती बरकरार

संघर्ष के दिनों का एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए अनुपम खेर ने कहा, “जब मैं बॉम्बे आया, तब किरण की शादी गौतम से हो चुकी थी। मैं और सतीश कौशिक उनके घर जाया करते थे और कहते थे कि हम तभी आएंगे जब आप हमें वापस जाने के लिए टैक्सी का किराया देंगी। फिर हम टैक्सी का पैसा लेकर बस से सफर करते थे ताकि पूरे हफ्ते गुजारा कर सकें।”

दोस्ती कैसे प्यार में बदली

अनुपम के मुताबिक, लंबे समय तक उनका रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक सीमित रहा। बाद में हालात ऐसे बने कि दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। उन्होंने कहा, “किरण लंबे समय तक सिर्फ दोस्त थीं। फिर ऐसा समय आया जब मेरा ब्रेकअप चल रहा था और वह भी अपनी शादी में मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। वहीं से जिंदगी बदल गई।”

अभिनेता ने आगे कहा कि अगर उन दिनों किसी ने उनसे कहा होता कि वह एक दिन किरण से शादी करेंगे, तो वह कभी विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा, “उससे पहले तो मेरी गर्लफ्रेंड के खत भी किरण के घर आया करते थे। इसलिए मैं कहता हूं ‘कुछ भी हो सकता है। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एक दिन हम प्यार में पड़ जाएंगे और शादी कर लेंगे। और अब हमारी शादी को 41 साल हो चुके हैं।”

अनुपम और किरण ने 1985 में शादी की थी, जब किरण ने गौतम बेरी से अलग होने का फैसला लिया। किरण के पहले विवाह से उनके बेटे सिकंदर खेर हैं।

यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘तमाशा’ फिल्म देख फैंस छोड़ने लगे थे नौकरी, इमतियाज अली ने किया खुलासा

शादी को मजबूत बनाए रखने का राज

फिल्मफेयर को दिए एक पुराने इंटरव्यू में अनुपम ने बताया था कि 40 साल तक शादी निभाने के लिए सबसे जरूरी चीज परस्पर सम्मान है।

उन्होंने कहा, “40 साल की शादी में हमेशा सब अच्छा नहीं हो सकता। निराशाएं भी आती हैं। मेरे माता-पिता की शादी 59 साल चली, लेकिन वह परफेक्ट शादी नहीं थी। किसी भी शादी की सबसे बड़ी खूबसूरती है एक-दूसरे के लिए सम्मान।”

उन्होंने यह भी बताया कि उनके और किरण के बीच कभी पारंपरिक पति-पत्नी जैसा रिश्ता नहीं रहा। उन्होंने कहा, “हमारे बीच ‘आप’ जैसा कुछ नहीं है। हम बराबरी से रहते हैं। हमारे घर में कोई फिल्मी माहौल नहीं है। किरण बहुत मजेदार हैं। जानबूझकर नहीं, लेकिन मुझे वह बेहद फनी लगती हैं।”

दशकों साथ रहने की छोटी-छोटी आदतों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “वह थोड़ी अंधविश्वासी हैं और कई बार चीजों के गलत होने की कल्पना कर लेती हैं। पहले यह ज्यादा था, अब कम हो गया है। अब हम सबके अलग-अलग कमरे हैं क्योंकि हर किसी की अपनी आदतें हैं।”

अनुपम मानते हैं कि उनके रिश्ते की सबसे मजबूत नींव दोस्ती है। उन्होंने कहा, “मेरी शादी में उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन जो चीज हमेशा बनी रही, वह है करुणा, सम्मान, दयालुता और दोस्ती। यही सबसे जरूरी चीज है।”

किरण के साथ बच्चे न होने पर बोले अनुपम खेर

पत्रकार शुभंकर मिश्रा से बातचीत में अनुपम ने यह भी स्वीकार किया था कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें कभी-कभी यह ख्याल आता है कि अगर उनका और किरण का बच्चा होता तो कैसा होता।

उन्होंने कहा, “पहले मुझे ऐसा ज्यादा महसूस नहीं होता था, लेकिन पिछले सात-आठ सालों में कभी-कभी लगता है। ऐसा नहीं है कि मैं सिकंदर से खुश नहीं हूं, लेकिन बच्चे को बड़ा होते देखना एक अलग खुशी होती है। उसके साथ बॉन्डिंग बनाना खास होता है। यह मेरा ईमानदार जवाब है। मैं चाहूं तो इस सवाल से बच सकता था, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहता। हालांकि यह मेरी जिंदगी की कोई त्रासदी नहीं है, लेकिन कभी-कभी लगता है कि अगर हमारा बच्चा होता तो अच्छा होता।”