नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ। वहां मौजूद दर्शकों ने फिल्म की जमकर तारीफ की। इस बारे में एक्टर अनुपम खेर ने अपना रिएक्शन देते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी खुशी जताई।
उनका कहना है कि उनका मन काफी खुश है ये देखकर कि श्री राम की कथा विदेशों में भी दर्शकों को पसंद आ रही है। साथ ही एक्टर ने ये भी बताया कि वह ये फिल्म भारत में नहीं देखेंगे।
फिल्म ‘रामायण’ में अनुपम खेर ने जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है। वह बतौर एक्टर इस फिल्म से नहीं जुड़ पाए लेकिन उनकी आवाज इस फिल्म के एक अहम किरदार के साथ सुनाई देगी।
भारत में नहीं देखेंगे फिल्म
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्टर ने कैप्शन में लिखा, ‘लॉस एंजिल्स से रामायण को लेकर आ रही शुरुआती प्रतिक्रियाएं मन को बहुत खुशी और गर्व से भर रही हैं। हमारी इस महान कथा को दुनिया भर के दर्शकों तक इतने बड़े पैमाने पर पहुंचते देखना एक अद्भुत एहसास है। और इस यात्रा में जटायु की आवाज बनना मेरे लिए खास है। 5 नवंबर को स्टॉकहोम में फिल्म देखने का बेसब्री से इंतजार है।’
यह भी पढ़ें- ‘रावण इतना भी बुरा नहीं था’, साई पल्लवी की बात पर भड़के यूजर्स, वायरल हुआ बयान
वर्ल्ड प्रीमियर के बाद दर्शकों के रिएक्शन से बेहद खुश अनुपम खेर
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘रामायण का लॉस एंजिल्स में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखकर काफी खुशी हो रही है। लोग इसकी भव्यता, इसके विजुअल्स और राम जी की कथा के बारे में बात कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘ये देखकर मन खुशी से भर जाता है कि हमारी इतनी महान कथा को इतने बड़े इंटरनेशनल मंच पर दुनिया की भव्यतम फिल्मों के बराबर पैमाने पर पेश किया जा रहा है। निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, ए.आर रहमान और उनके साथ जुड़े बाकी सभी कलाकारों और टेक्नीशियन्स और विशेषज्ञों ने बहुत मेहनत के साथ ये सपना साकार किया है। इस फिल्म को बनाने में ना जाने कितने लोगों की मेहनत और प्रतिभा लगी है। राम जी की कथा, उनका व्यक्तित्व और उनके आदर्श दुनिया भर में पहुंचे इससे ज्यादा खुशी की बात क्या हो सकती है।’
यह भी पढ़ें- Ramayana New Song: करवाचौथ पर आया ‘रामायण’ का नया गाना, भगवान राम और माता सीता की ‘जुड़ी जोड़ी’
जटायु के किरदार को दी आवाज
अनुपम खेर ने आगे कहा, ‘लोग फिल्म में बड़े पंख वाले पक्षी की भी चर्चा कर रहे हैं। उस पक्षी जटायु की भूमिका मेरी है, मेरी आवाज है। ये बात सोचकर मुझे और खुशी हो रही है। दरअसल, भारतीय कहानी, भारतीय प्रतिभा को दुनिया के सामने इस लेवल पर देखकर सच में काफी संतोष हो रहा है। रामायण के निर्माताओं को धन्यवाद, इसे इतने बड़े स्तर पर ले जाने के लिए।’
एक्टर ने वीडियो के अंत में जय श्री राम के नारा लगाते हुए दर्शकों से 5 नवंबर को फिल्म देखने की अपील भी की।
