बॉलीवुड के ‘किंग खान’ शाहरुख खान को अक्सर हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा सुपरस्टार कहा जाता है। साल 2014 में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान खुद को आखिरी स्टार बताया था। उनके इस बयान पर वर्षों से बहस जारी है। अब अभिनेता अन्नू कपूर ने इस दावे से असहमति जताते हुए कहा है कि किसी भी कलाकार को आखिरी सुपरस्टार कहना सही नहीं है।
क्या बोले अन्नू कपूर
हाल ही में हिंदी रश को दिए एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता। कई सालों से मीडिया यह नैरेटिव बनाता आया है कि कोई एक अभिनेता आखिरी सुपरस्टार है। राजेश खन्ना के दौर में भी ऐसी बातें कही जाती थीं। लेकिन अगर पीछे मुड़कर देखें तो अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसी लंबी और सफल पारी कोई नहीं खेल पाया। इतने लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी लोकप्रियता बनाए रखना आसान नहीं होता।”
यह भी पढ़ें: ‘वो मेरे करियर और जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत थे’, धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुईं हेमा मालिनी
शाहरुख खान का नाम लिए बिना अन्नू अन्नू ने आगे कहा, “जिस एक्टर की आप बात कर रहे हैं, उन्होंने 1992 के आसपास काम शुरू किया था। यानी उन्हें लगभग 34 साल हो गए हैं। अगर आप अमिताभ बच्चन के 53 साल के करियर में से 34 साल घटा दें, तो भी 19 साल बचते हैं। क्या आपको लगता है कि शाहरुख खान के लिए अगले 19 सालों तक भी उतना ही अहम बने रहना मुमकिन है?
मैं जान-बूझकर उनका नाम नहीं ले रहा हूं। क्या वे 2045 में भी अहम बने रहेंगे? मुझे नहीं लगता।” हालांकि, उन्होंने तुरंत यह भी कहा कि लेकिन इस बात को कोई नहीं नकार सकता कि शाहरुख खान दुनिया के दूसरे सबसे अमीर एक्टर हैं।”
शाहरुख के साथ काम करने को लेकर क्या बोले अन्नू
जब अभिनेता से फिल्म ‘डर’ में शाहरुख के साथ काम करने के अनुभव के बारे में पूछा गया, तो पहले उन्होंने कहा कि मैंने उनके साथ कभी काम नहीं किया। फिर जब उन्हें याद दिलाया गया कि दोनों 1993 की फिल्म ‘डर’ में साथ नजर आए थे, तो अन्नू कपूर बोले, “मुझे याद नहीं। उस समय वह बिल्कुल नए थे। मुझे याद नहीं कि हमारी क्या बातचीत हुई थी। आप उनसे पूछिए कि क्या उन्हें मेरे साथ काम करना याद है और क्या उन्होंने मुझसे कुछ सीखा था।”
अन्नू कपूर ने आगे कहा, “यश चोपड़ा ने मुझे इस फिल्म के लिए कहा था। मेरी सिर्फ तीन दिन की शूटिंग थी और मैं ज्यादा शामिल नहीं था। मेरा शाहरुख खान से कोई लेना-देना नहीं है और जब मेरा किसी से कोई लेना-देना नहीं होता, तो मैं उसके लिए सिर्फ दुआ और शुभकामनाएं ही रखता हूं।”
इस वजह से की शाहरुख की तारीफ
अन्नू कपूर ने इंसान के तौर पर शाहरुख की जमकर तारीफ की। अभिनेता ने कहा, “मैंने हमेशा सुना है कि वह बहुत अच्छे पिता, अच्छे पति और बेहतरीन भाई हैं। लोगों को यही याद रखना चाहिए। सुपरस्टार आते-जाते रहते हैं, लेकिन जो इंसान अपने परिवार और बहन का ख्याल रखता है, वही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।”
