Annu Kapoor News: हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्टर अन्नू कपूर (Annu Kapoor) की तबीयत बिगड़ने के बाद 26 जनवरी को उन्हें दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। हालांकि डॉक्टरों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एक्सपर्ट्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
Annu Kapoor Health Update: गंगाराम हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अजय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक अन्नू कपूर को सीने में दर्द हुआ था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। उनका ट्रीटमेंट कार्डियोलॉजी डॉ. सुशांत कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि अन्नू की तबीयत में पहले से सुधार है और वह जल्द ठीक हो जाएंगे।
गौरतलब है कि अन्नू कपूर बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों में से एक हैं। उन्होंने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे खूब नाम कमाया है। 80 के दशक में अन्नू कपूर ने तमाम फिल्में की। इसके साथ ही वह सिंगिंग रियलिटी शो ‘अंताक्षरी’को होस्ट करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी वो छवि आज भी लोगों के दिल में बसी हुई है। वह ‘द शौकिन्स’, ‘विकी डोनर’, ‘7 खून माफ’, ‘धर्म संकट में’, ‘ऐतराज’, ‘जॉली एलएलबी 2’, ‘मिस टनकपुर हाजिर हो’, ‘डर’, ‘ऐलान-ए-जंग’, ‘तेजाब’, ‘हम’, ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
अन्नू कपूर का जन्म 20 फरवरी, 1956 को मध्यप्रदेश के इतवारा में हुआ था। उनके पिता का नाम मदनलाल कपूर था और मां कमला बंगाली थीं। अन्नू कपूर शायद बेहतरीन एक्टर इसलिए भी हैं क्योंकि उनके पिता पारसी थिएटर कंपनी के मालिक थे। शहर-शहर जा-जाकर गली नुक्कड़ में परफॉर्म करते थे। उनकी मां पोएट और क्लासिकल डांसर थीं। उनके दादाजी डॉ. कृपाराम कपूर ब्रिटिश आर्मी में डॉक्टर थे। उनकी दादी का नाम गंगा कपूर था और वह स्वतंत्रता सेनानी थीं।
फिल्मों में आने से पहले अन्नू कपूर ने साल 1979 में बतौर स्टेज आर्टिस्ट काम किया था। फिर साल 1983 में वह फिल्म ‘मंडी’ में नजर आए। उनका असली नाम अनिल कपूर था, जिसे बदलकर उन्होंने अन्नू किया।