कभी चाय और चूरन बेचकर पेट पालते थे अन्नू कपूर, दो पत्नियों के बीच फंसे थे बुरे; तीसरी बार फिर की थी शादी
दो वक्त की रोटी के लिए अन्नू कपूर चाय और चूरन भी बेचा करते थे। अन्नू कपूर के पिता मदन लाल एक थिएटर कंपनी चलाते थे लेकिन यहां से भी...

Annu Kapoor Birthday: अगर आप कभी रेडियो सुनने के शौकीन होंगे तो ‘सुहाना सफ़र विथ अन्नू कपूर’ शो के बारे में जरूर सुना होगा। हालांकि इनकी ज़िन्दगी इनके रेडियो शो की तरह हमेशा सुहानी नहीं थी। इनका बचपन गरीबी और बदहाली में गुजरा था। दो वक्त की रोटी के लिए ये चाय और चूरन भी बेचा करते थे।
अन्नू कपूर के पिता मदन लाल एक थिएटर कंपनी चलाते थे लेकिन यहां से भी ज्यादा कमाई नहीं हो रही थी। यूं तो अन्नू कपूर डॉक्टर बनना चाहते थे लेकिन गरीबी ने उनके इस सपने को बचपन में ही मार दिया। फिर पिता के साथ नाटक और नुक्कड़ करने लगे। आगे पिता की ही सलाह पर वे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से एक्टिंग का कोर्स कर खुब सारा पैसा कमाने के लिए मुंबई पहुंच गये।
अन्नू कपूर ही हैं असली अनिल कपूर
क्या आप जानते हैं अन्नू कपूर का असली नाम अनिल कपूर है लेकिन उस समय बॉलीवुड में अभिनेता अनिल कपूर प्रसिद्ध हो चुके थे। इसी कारण अन्नू कपूर ने अपने नाम को बदल लिया था। इनका जन्म 20 फरवरी, 1956 को भोपाल में हुआ था।
पत्नी दो लेकिन शादी तीन बार
अन्नू कपूर ने अमेरिका में रहने वालीं अनुपमा से 1992 में शादी की थी, लेकिन अगले ही साल दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद अन्नू कपूर टीवी शो ‘अंताक्षरी’ के सेट पर अरुणिता मुखर्जी के करीब आये और दोनों ने 1995 में शादी भी कर ली। इसी बीच इनके शादी शुदा ज़िन्दगी में हलचल पैदा हो गया, जब एक बार फिर से अन्नू कपूर अपनी पहली पत्नी अनुपमा के संपर्क में आये।
एक साक्षात्कार में इनकी दूसरी पत्नी अरुणिता मुखर्जी ने बताया कि वे रोज बहाना बनाकर उन्हें घर में ही छोड़कर चले जाते थे और अपनी पहली पत्नी अनुपमा से मिला करते थे। हालांकि जब इस सच्चाई का पता उनकी दूसरी पत्नी को चला तो उन्होंने 2005 में उनसे तलाक ले लिया। 2008 में अन्नू कपूर ने अपनी पहली पत्नी अनुपमा से एक बार फिर शादी कर ली।