टेलीविजन एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दरअसल, उन्होंने पति विक्की जैन के साथ अबू धाबी वेकेशन की कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह एक मशहूर मस्जिद में हिजाब पहने नजर आईं।
मस्जिद में अंदर जाने के लिए तय ड्रेस कोड का पालन करते हुए अंकिता ने सिर ढका था। जहां कई लोगों ने स्थानीय परंपराओं और धार्मिक नियमों का सम्मान करने के लिए उनकी तारीफ की, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके हिजाब पहनने पर सवाल उठाते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया।
इससे पहले दीपिका पादुकोण भी इसी तरह के विवाद का सामना कर चुकी हैं। अबू धाबी टूरिज्म के प्रमोशनल वीडियो में पति रणवीर सिंह के साथ नजर आईं दीपिका ने अबाया पहना था, जिसके बाद उन्हें भी सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। दोनों यूएई टूरिज्म के ब्रांड एंबेसडर हैं।
अंकिता ने अपनी ट्रिप की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “मेरे कैमरा रोल से अबू धाबी की कुछ खूबसूरत यादें… घूमना, हंसना और यादगार पल बनाना।” हालांकि पोस्ट सामने आते ही कुछ यूजर्स ने उनके हिजाब पहनने पर नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी।
इस विवाद ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ा क्योंकि हाल ही में अंकिता और विक्की जैन आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर से जुड़ी एक गौशाला पहुंचे थे। उस दौरान पारंपरिक भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए लोगों ने उनकी खूब सराहना की थी। ऐसे में कुछ लोगों ने दोनों घटनाओं की तुलना करते हुए बहस छेड़ दी।
हालांकि, अंकिता के समर्थन में उतरे फैंस का कहना है कि मस्जिदों में सिर ढकना आम नियम होता है और अभिनेत्री ने केवल वहां के नियमों का पालन किया। कई लोगों ने यह भी बताया कि मस्जिद परिसर से बाहर आने के बाद अंकिता ने बिना हिजाब वाली तस्वीरें भी शेयर की थीं।
यह भी पढ़ें: ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के गानों पर छिड़ी कानूनी जंग, वाशु भगनानी ने मेकर्स पर ठोका 400 करोड़ का मुकदमा
यह पहली बार नहीं है जब अंकिता अपने पहनावे को लेकर सोशल मीडिया बहस में फंसी हों। पिछले साल भी मुंबई एयरपोर्ट पर हिजाब पहने नजर आने के बाद उन्हें मिली-जुली प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अंकिता लोखंडे ने ‘पवित्र रिश्ता’ से घर-घर में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में भी कदम रखा और ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ और ‘बाघी 3’ जैसी फिल्मों में काम किया। हाल ही में वह टीवी शो लाफ्टर शेफ्स के नए सीजन में नजर आईं।
