आदित्य धार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को रिलीज हो रही है। इस वक्त ये फिल्म सबसे प्रत्याशित फिल्मों में से एक बन चुकी है। दर्शक बेसब्री से जानना चाहते हैं कि गैंगस्टर एक्शन की इस दूसरी कड़ी में क्या होने वाला है। बढ़ते उत्साह के बीच, नई भूमिकाओं और उनके कलाकारों को लेकर भी जिज्ञासा है। वहीं, फिल्म में बड़े साब के किरदार को निभाने वाले अभिनेता की पहचान भी एक रहस्य बनी हुई है। इसी बीच, अनिल कपूर ने खुलासा किया कि आदित्य धार ने उन्हें इस सीक्वल में कैमियो का ऑफर दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया।

इंडिया टुडे से बातचीत में अनिल ने कहा, “हां, आदित्य मेरे पास ‘धुरंधर 2’ के लिए आए थे। वह चाहते थे कि मैं फिल्म में एक छोटा कैमियो करूं। लेकिन मैं जो कुछ भी आज हूं, वह मेरे प्रोफेशनलिज़्म और कमिटमेंट के कारण है। यह बहुत जरूरी है, सिर्फ टैलेंट से आप वह नहीं बन सकते जो आप हैं।”

वर्क कमिटमेंट के कारण ‘धुरंधर 2’ को कहा ना

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें ‘धुरंधर 2’ करने का मौका छोड़ने का दुख था, लेकिन उस समय वे पहले ही किसी और फिल्म में व्यस्त थे। “उस समय, मैं पहले ही उन तारीख़ों के लिए किसी अन्य निर्देशक के साथ कमिटेड था। मैंने आदित्य से कहा, ‘मैं यह कैमियो जरूर करना चाहता, लेकिन मैं पहले ही किसी और काम में व्यस्त हूं।’ वह अब फिल्म रिलीज कर रहे हैं, और यह एक शानदार फिल्म है। यह मेरी हानि है, लेकिन ठीक है।”

इस कारण किया इनकार

अनिल ने अपने फैसले की वजह भी समझाई, “कम से कम मुझे यह पता है कि मेरे पीछे मेरे दिमाग में यह हो सकता है कि किसी और निर्देशक ने एक बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी हो और मुझे कुछ ऑफर करे जबकि मैं पहले ही आदित्य के लिए व्यस्त हूं। अगर मैं फिर वह फिल्म कर दूं और उसके तारीखे कैंसल कर दूं, तो यह पूरी तरह से गैर-पेशेवर होगा। तो हां, उन्होंने मुझे भूमिका की पेशकश की थी, और उम्मीद है कि हम भविष्य में एक साथ काम करेंगे।”

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2: दो साल की लंबी तैयारी के बाद धमाके के लिए तैयार ‘धुरंधर 2’, इंटरनेशनल लोकेशन्स पर हुई शूटिंग

क्या अनिल कपूर को ऑफर हुआ था बड़े साब का रोल?

अनिल कपूर ने फिल्म में किस भूमिका ऑफर हुई थी यह स्पष्ट नहीं किया, लेकिन संभावना है कि उन्हें कुख्यात बड़े साब का किरदार निभाने के लिए कहा गया हो, जो सीक्वल की कहानी की कुंजी रखते हैं। पहली फिल्म में संजय दत्त के चरित्र चौधरी असलम ने इस नाम का जिक्र कई बार किया था और यह स्पष्ट था कि बड़े साब ही पाकिस्तान में आतंक नेटवर्क के पीछे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भूमिका के लिए अब इमरान हाशमी को कास्ट किया गया है। सोशल मीडिया पर फैंस कयास लगा रहे हैं कि पहले आदित्य ने इस भूमिका के लिए अनिल कपूर का नाम सोचा होगा।