अनिल कपूर ने बॉलीवुड की कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया और इसी में से एक थी ‘नायक: द रियल हीरो’, जिसमें उन्होंने शिवाजी राव का रोल निभाया, जो एक न्यूज चैनल का कैमरापर्सन होता है। फिर धीरे-धीरे वह कुछ समय के लिए महाराष्ट्र का चीफ मिनिस्टर बन जाते हैं। अब हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी इस मूवी को लेकर बात की है। साथ ही अभिनेता ने यह भी बताया कि इस फिल्म की रिलीज होने के बाद पॉलिटिकल पार्टियों ने उनसे संपर्क किया था।

एक्सप्रेसो के 12वें एडिशन में इंडियन एक्सप्रेस हिंदी के एडिटर सौरभ द्विवेदी से बातचीत के दौरान, अनिल कपूर ने कहा, “मैं हमेशा से एक स्टूडेंट रहा हूं। मैं एक एक्टर के तौर पर आगे बढ़ना चाहता हूं। इसलिए, मुझे लगता है कि हमेशा कोई न कोई ऐसा होता है, जो एक्टिंग के बारे में मुझसे ज्यादा जानता है।”

यह भी पढ़ें: मुर्दाघर से शुरू होती कहानी जो खड़े कर देगी रोंगटे, MX Player की इस हॉरर सीरीज ने मचाया खौफ

फिर उन्होंने बताया कि उन्होंने ‘नायक’ के लिए अपने दोस्त और पुराने थिएटर डायरेक्टर फिरोज अब्बास खान से बात की थी। अनिल ने कहा, “मैंने फिल्म (नायक) के लिए उनके साथ वर्कशॉप करने के बारे में सोचा था। इसलिए, मैं माहिम में उनके ऑफिस जाता था और कई वर्कशॉप और रिहर्सल करता था। हमने अभी तक साथ में कोई प्ले नहीं किया। यह मेरी बकेट लिस्ट में है। हम एक दिन जरूर करेंगे, जो उम्मीद है ‘नायक’ से भी बड़ा होगा।”

‘नायक’ में उनकी परफॉर्मेंस इतनी जबरदस्त थी कि यह फिल्म देखने के बाद पॉलिटिकल पार्टियों ने उनसे संपर्क किया था। अभिनेता ने पार्टी का नाम लिए बिना कहा, “कुछ बातचीत हुई थी, लेकिन मैंने उसे शुरू में ही रोक दिया। वे लोग भी समझदार होते हैं, जो लोग आपको ऐसा ऑफर देते हैं, वे सीधे नहीं देते। यह प्रस्ताव किसी और के जरिए आता है। उन्हें कहीं न कहीं यह अंदाजा हो जाता है कि मैं इस काम में दिलचस्पी नहीं रखता।”

अनिल ने आगे कहा, “अगर मैं यह करता हूं, तो मुझे इसे बहुत ईमानदारी और सच्चे मन से करना होगा, लेकिन मुझमें इतना दम नहीं है कि मैं इसे अपना पूरा कमिटमेंट दे सकूं। मैं जो कुछ भी करता हूं, उसमें अपना 100% देना चाहता हूं। स्लमडॉग मिलियनेयर रिलीज होने के बाद जब मैं अमेरिका में था, तो UN ने मुझसे कई बार ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए कहा। कभी-कभी, जब आप सीजन के फ्लेवर होते हैं, तो दुनिया का हर ऑर्गनाइजेशन आपसे संपर्क करना चाहता है।”

अनिल ने दावा किया कि वह यूनाइटेड नेशंस में एक दिखावटी पद स्वीकार करके अपनी नई मिली इंटरनेशनल पॉपुलैरिटी का फायदा नहीं उठाना चाहते थे। एक्टर ने कहा, “मैं इसे एक फोटो ऑप की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहता था कि मैं वो चार फोटो ले लूं और फिर आप कुछ न करें। अगर आप करते हैं, तो आप अपना सब कुछ देते हैं।

लेकिन अभी, मेरी इतनी सारी प्रायोरिटी हैं कि मुझे नहीं लगता कि मैं यह कर सकता हूं। इसलिए, मैं बिना दिखावा किए सिर्फ वही करता हूं जो मैं कर सकता हूं। मुझसे कहीं बेहतर लोग हैं जो राज्यसभा और लोकसभा में होने के लायक हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘बॉर्डर 2’ की सफलता के बीच क्यों मुंबई से चले गए थे सनी देओल, ‘धुरंधर’ के डायलॉग पर किया रिएक्ट