‘सैयारा’ फेम अभिनेत्री अनीत पड्डा के दादाजी का निधन हो गया है और इस बात की जानकारी खुद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए दी है। अनीत ने बताया है कि वह लंबे समय से अल्ज़ाइमर बीमारी से जूझ रहे थे। वहीं, अपनी पोस्ट में एक्ट्रेस ने अपने दादा का हाथ थामे एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर भी की है।
अनीत ने कैप्शन में लिखा, “मेरे जीवन का एकमात्र प्यार। आप धीरे-धीरे हमसे दूर जा रहे थे, लेकिन आप मुझे ‘मक्खन’ (मेरा निकनेम) कहना नहीं भूले। जब यादें साथ छोड़ रही थीं, तब भी आपने प्यार को थामे रखा। मैं आपके साथ बिताए हर पल को अपने साथ रखूंगी। मैं एक अच्छा इंसान बनूंगी।”
इसके आगे उन्होंने लिखा, “मैं आपके चुटकुले याद रखूंगी और जब भी मौका मिलेगा उन्हें दोहराऊंगी। मैं आपकी दयालुता और आपकी रोशनी को हर अंधेरे कमरे में ले जाऊंगी। आपकी कहानियां दुनिया को सुनाऊंगी। आपका प्यार अपने साथ रखूंगी। आपने मुझे सबसे सच्चा और बिना शर्त वाला प्यार सिखाया।”
सिर्फ इतना ही नहीं, अनीत ने यह भी लिखा कि वह अपने दादा को हमेशा अपने दिल में संजोकर रखेंगी। उन्होंने बताया कि उनके जाने के बाद उन्होंने आसमान में सबसे चमकता हुआ तारा देखा और उन्हें लगा कि वह वही हैं, जो दूर से भी उनका ख्याल रख रहे हैं। नोट के आखिर में अभिनेत्री ने लिखा, “आई लव यू दादू, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। हमेशा समय की हर सीमा से परे।”
अल्ज़ाइमर से पीड़ित थे अनीत के दादा
पिछले साल ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में अनीत ने अपने दादा की अल्ज़ाइमर से लड़ाई के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनके दादा उनका नाम तक भूल चुके हैं। लेकिन जब उन्होंने उनकी फिल्म ‘सैयारा’ के कुछ सीन देखे, तो उन्होंने अनीत को पहचान लिया, जिससे वह बेहद खुश हो गईं।
अनीत ने कहा था, “मेरे दादू को अल्ज़ाइमर है, इसलिए यह फिल्म मेरे लिए और भी भावुक हो गई। अब वह ज्यादा चीजें याद नहीं रख पाते, लेकिन मुझे इस कहानी पर भरोसा था, क्योंकि इसमें कहा गया कि दिमाग भूल जाता है, पर दिल कभी नहीं भूलता। मेरे दादू के लिए यह बिल्कुल सच है।”
उन्होंने आगे बताया, “उन्हें मेरा नाम याद नहीं रहता, लेकिन वह मुझे अब भी ‘हीरापुत’ या ‘मक्खन’ कहकर बुलाते हैं। जब मैं उनसे मिलने जाती थी, तो वह मुझे पहचान नहीं पाते थे, लेकिन मुझे अपने पास बैठने देते थे। जब मेरी फिल्म रिलीज हुई, तो वह थिएटर नहीं जा सके क्योंकि वह बिस्तर पर थे। तब मेरे माता-पिता ने उन्हें फिल्म के वीडियो दिखाए, जिन्हें देखकर वह मुस्कुराए और बोले- ‘हीरापुत’ और ‘मक्खन दी मूवी।’ यह पल मेरे लिए बहुत खास था।”
यह भी पढ़ें: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मंडे टेस्ट में फेल हुई अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, वर्ल्डवाइड कमाई 100 करोड़ के पार
