अमिताभ के इस फैन को जया बच्चन ने बांधी थी राखी, बिग बी के लिए उल्टे पांव चला था 500km
अरविंद के इस कारनामे से अमिताभ बच्चन भावुक हो गए। अरविंद के स्वागत के लिए बिग बी, हरिवंश राय बच्चन और मां तेजी बच्चन पहुंचे थे।

अमिताभ बच्चन 1983 में आई फिल्म कुली के दौरान बुरी तरह घायल हुए थे। अमिताभ का पुनीत इस्सर के साथ फाइट सीक्वेंस था। पुनीत के साथ फाइटिंग में अमिताभ को काफी चोट आई थी। इस हादसे के वक्त पूरे देश ने उनके लिए प्रार्थना की थी। अमिताभ बच्चन ने खुद कहा था कि उन्हें एक नया जन्म मिला था और वे अपने फैंस के समर्थन को लेकर काफी शुक्रगुज़ार रहे हैं। अमिताभ बच्चन के लिए जहां कई लोग मंदिर-मस्जिद में दुआ मांग रहे थे। वहीं, उनके एक फैन अरविंद मोरारभाई पंड्या ने प्रतिज्ञा की कि यदि बिग बी ठीक हो जाएंगे, तो वह वडोदरा के दांडिया बाजार स्थित सिद्धिविनायक मंदिर से उलटा दौड़ते हुए मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर जाएंगे। अरविंद ने ये प्रतिज्ञा पूरी की। अरविंद ने 500 किमी की उल्टे पैर पैदल यात्रा की। वह सुबह से दोपहर तक यात्रा करते। इसके बाद वह आराम करते इस दौरान वह पैरों की मसाज करते। वहीं, घंटों तक पैरों को पानी में डूबोकर रखते।
13 दिन बाद अरविंद ने ये 500 किलोमीटर की यात्रा पूरी की। अरविंद ने मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद अरविंद बिग बी के घर पहुंचे। अरविंद के इस कारनामे से अमिताभ बच्चन भावुक हो गए। अरविंद के स्वागत के लिए बिग बी, हरिवंश राय बच्चन और मां तेजी बच्चन पहुंचे थे। बिग बी ने अरविंद को गले से लगा लिया। इतना ही नहीं अमिताभ बच्चन ने उनके पैर भी छुए। इसके बाद अमिताभ बच्चन अरविंद और उनके माता-पिता के साथ सिद्धिविनायक के दर्शन के लिए गए। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने उन्हें समझाया कि वह इतने कठिन संकल्प न लें। अरविंद भाई का प्यार देखकर जया बच्चन ने उन्हें राखी भी बांधी। अरविंद फिलहाल यूके में रहते हैं। लेकिन, हर साल उन्हें जया बच्चन की राखी मिलती है। उल्टे पैर चलने में वे वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना चुके हैं।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।