सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और वहां अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ी चीजें फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं। इसके साथ ही बिग बी नियमित रूप से ब्लॉग भी लिखते हैं। अब हाल ही में उन्होंने अपने ब्लॉग में सेहत को लेकर कुछ ऐसी बात लिख दी हैं, जिसे पढ़ने के बाद बिग बी के फैंस की चिंताएं बढ़ गई हैं।
बिग बी ने दी सर्जरी और आईसीयू से जुड़ी जानकारी
अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में लिखा, “अस्पताल में सर्जरी और ICU में, काबिल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रहना, फिर डिस्चार्ज होकर घर लौटना। घर लौटने के बाद का यह समय सबसे मुश्किल दौर होता है। शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से बेहद मुश्किल। आप एक सम्मानित चैंपियन होते हैं और एक दिन हार आपके सामने खड़ी होती है। यह आपकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर होता है।”
यह भी पढ़ें: मेसी की हार पर छलका अमिताभ बच्चन का दर्द, बोले- हर चैंपियन के जीवन में ऐसा दिन आता है
इसके आगे बिग बी ने अपनी बात जारी रखते हुए लिखा, “कुछ लोग इसका डटकर सामना करते हैं। कुछ हार मान लेते हैं, जो कोशिश करते हैं और हिम्मत दिखाते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं। जो ऐसा नहीं करते, वे हालात से समझौता कर लेते हैं और अपनी पुरानी शान-ओ-शौकत की यादों में ही जीते रहते हैं। यह हर किसी की अपनी पसंद होती है। दोनों में से कोई भी गलत नहीं है। स्वस्थ रहें, खुश रहें।”
हालांकि अमिताभ के ब्लॉग से ये साफ नहीं हो पाया है कि उन्होंने ये अपना अनुभव साझा किया है, या वो इससे किसी और की स्थिति के बारे में बताना चाह रहे हैं। मगर उनके फैंस ये ही कयास लगा रहे हैं कि उनके मेगास्टार अपने बारे में लिखकर जानकारी देने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि मई के महीने में ऐसी अफवाहें सामने आई थीं कि अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब है और उन्हें नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, यह चर्चा तब शुरू हुई जब पत्रकार विक्की लालवानी ने एक वीडियो साझा कर दावा किया था कि बिग बी अस्पताल में भर्ती हैं। इस खबर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
