बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों मीडिया रिपोर्ट्स को लेकर नाराज हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया और अपने ब्लॉग के जरिए मीडिया पर उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। दरअसल, अमिताभ बच्चन ने भगवान कृष्ण की भक्ति में इस्तेमाल होने वाले भजन ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ का जिक्र किया था। लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके इस कथन को विरोधियों के लिए चुनौती के तौर पर पेश किया गया। इसी बात पर बिग बी भड़क गए और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
भगवान कृष्ण के भजन को बताया गया चुनौती
अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में साफ किया कि वह अक्सर भगवान कृष्ण की प्रार्थना के लिए ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ का जाप करते हैं। हालांकि, अभिनेता का आरोप है कि कुछ मीडिया संस्थानों ने उनके शब्दों का गलत मतलब निकाला और इसे विरोधियों को चुनौती देने वाली बात बना दिया। रिपोर्ट्स में ऐसा दिखाया गया, जैसे वह कह रहे हों कि विरोधी हाथी-घोड़े लेकर आएं, वह अपने हथियारों से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।
5 करोड़ फॉलोअर्स का जिक्र कर मीडिया को दी चेतावनी
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अमिताभ ने मीडिया को सीधे संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि उनके सोशल मीडिया पर 5 करोड़ फॉलोअर्स हैं और अगर वह कोई संकेत दें तो इनमें से 10 प्रतिशत लोग भी जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं। अभिनेता ने आगे कहा कि मीडिया जितना उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश करेगा, उनके फॉलोअर्स में उससे 100 गुना ज्यादा क्षमता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह सब उनके फॉलोअर्स के बोलने पर निर्भर करता है।
मीडिया को बताया पांचवां स्तंभ
अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में मीडिया को देश का पांचवां स्तंभ बताते हुए उसकी जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाज में मीडिया को सम्मान दिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद अगर कोई गलती होती है तो उसे स्वीकार करने और माफी मांगने की जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। अभिनेता ने लिखा कि अगर उनसे कोई गलती होती है तो वह तुरंत माफी मांगते हैं और उसे सुधारने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ मीडिया संस्थानों के रवैये में उन्हें ऐसी जवाबदेही नजर नहीं आती।
बुलेटप्रूफ शीशे के अंदर से फैंस से मिले थे बिग बी
यह पूरा विवाद अमिताभ बच्चन की रविवार की फैंस से मुलाकात के बीच भी चर्चा में रहा। अभिनेता हर रविवार अपने मुंबई स्थित बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलते हैं। इस रविवार भी वह अपने चाहने वालों से मिलने पहुंचे, लेकिन इस बार वह एक विशेष कांच के सुरक्षा घेरे के अंदर नजर आए। उन्होंने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे।
बता दें कि अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर हाल में चर्चा हुई थी। जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबरों के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई थी।
