महानायक अमिताभ बच्चन अक्सर अपने ब्लॉग के जरिए फैंस के साथ अपने विचार साझा करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी दिवंगत मां तेजी बच्चन को याद करते हुए कुछ भावुक बातें लिखीं। उन्होंने बताया कि जिंदगी की छोटी-छोटी परेशानियां हमें कई बार बेवजह परेशान करती हैं, जबकि उनका हल बेहद आसान होता है- बस सही बदलाव और नियमितता की जरूरत होती है।

बिग बी ने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि कई बार हम किसी समस्या पर जरूरत से ज्यादा समय और ऊर्जा खर्च कर देते हैं, जबकि उसका समाधान बेहद सरल होता है। उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू समझ और छोटे उपाय अक्सर सबसे ज्यादा कारगर साबित होते हैं।

मां को याद करते हुए अमिताभ ने बेहद भावुक अंदाज में लिखा कि उनकी मां का स्नेह भरा स्पर्श और उनके शब्द हमेशा उन्हें सुकून देते थे। वह बताते हैं कि जब भी वह परेशान होते, उनकी मां प्यार से उनका ख्याल रखतीं और कहतीं- “सब ठीक हो जाएगा बेटा।” आज भले ही वह उनके साथ नहीं हैं, लेकिन उन यादों को सोचकर आज भी उन्हें वही भरोसा और सुकून मिलता है।

यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ ने अपनी मां के बारे में बात की हो। इससे पहले भी वह बता चुके हैं कि उनकी मां ने उनके पिता के लिए बहुत त्याग किया था, ताकि वह एक कवि और विचारक के रूप में अपना काम कर सकें। साथ ही, उन्होंने अमिताभ को थिएटर, फिल्मों और संगीत से परिचित कराया।

यह भी पढ़ें: ‘बाबू मोशाय, ये फिल्म मेरी है या इनकी’, जब ‘आनंद’ के सेट पर अमिताभ बच्चन पर कैमरा घूमने पर राजेश खन्ना ने पूछा था सवाल

बचपन की यादें साझा करते हुए उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां उनकी हर छोटी-बड़ी उपलब्धि पर बेहद खुश होती थीं। स्कूल के खेल मुकाबलों में जब वह जीतते थे, तो उनकी मां तस्वीरें खींचतीं और उन ट्रॉफियों को अपने कमरे में सजा कर रखती थीं।

यह भी पढ़ें: ‘मैं यह पुरस्कार आपको समर्पित करता हूं’, जब अमिताभ बच्चन ने रणवीर सिंह के नाम किया अपना अवॉर्ड

12 अगस्त 1914 को जन्मीं तेजी बच्चन एक समाजसेवी और मनोविज्ञान की शिक्षिका थीं। 21 दिसंबर 2007 को उनका निधन हो गया, लेकिन उनका प्यार और संस्कार आज भी अमिताभ बच्चन की यादों में जिंदा हैं।