मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित सिग्नेचर बिल्डिंग में तीन फ्लोर पांच साल की लीज़ पर दिए हैं। इन ऑफिस स्पेस को न्यूट्रिशन ब्रांड ट्रूनेटिव F&B प्राइवेट लिमिटेड ने लीज पर लिया है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी हर महीने 33 लाख रुपये किराया देगी।

करीब 8,428 वर्ग फुट के कारपेट एरिया वाले इस परिसर में नौ वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की सुविधा भी शामिल है। पांच साल की लीज़ अवधि में कुल किराया करीब 21.88 करोड़ रुपये होगा। दस्तावेजों के मुताबिक, लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट अगस्त 2026 में रजिस्टर्ड हुआ है। कंपनी ने 1.98 करोड़ रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा की है। समझौते में हर साल किराए में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है।

अमिताभ बच्चन के अन्य रियल एस्टेट निवेश

अमिताभ बच्चन पहले भी मुंबई में अपने कमर्शियल रियल एस्टेट से किराये के जरिए कमाई कर चुके हैं। 2023 में उन्होंने मुंबई की लोटस सिग्नेचर बिल्डिंग में चार ऑफिस यूनिट्स वार्नर म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड को 17.30 लाख रुपये प्रति माह के किराए पर दिए थे। यह डील मार्च 2024 में फाइनल हुई थी और इसमें 12 डेडिकेटेड पार्किंग स्पेस भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें: KBC 18: रॉकेट बनाने वालों ने हॉट सीट पर दिखाया दम, मुश्किल सवाल का जवाब देते हुए जीते 12.5 लाख रुपये

मुंबई के अलावा अमिताभ बच्चन ने अयोध्या, उत्तर प्रदेश में भी रियल एस्टेट में निवेश किया है। उन्होंने 6 मार्च को द हाउस ऑफ़ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) से 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी थी। कंपनी के अनुसार, अयोध्या में यह HoABL के साथ उनका तीसरा निवेश है।

बता दें कि अमिताभ बच्चन ने नवंबर 2025 में मुंबई में अपने दो आलीशान अपार्टमेंट बेचे थे। जो उन्होंने 2012 में खरीदे थे। ये रियल एस्टेट सौदा दिग्गज अभिनेता के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ। सीआरई मैट्रिक्स द्वारा महाराष्ट्र के रजिस्ट्रेशन और स्टाम्प डिपार्टमेंट से मिले रिकॉर्ड के अनुसार, बिग बी ने इन संपत्तियों को बेचकर 47% का फायदा कमाया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं।