अमिताभ बच्चन सदी के महानायक हैं। 70 के दशक से उन्होंने हिंदी सिनेमा पर अपना दबदबा बनाया हुआ है। बिग बी के नाम से जाने जाने वाले बच्चन अपने किरदारों के साथ-साथ मेहनती स्वभाव के लिए भी जाना जाता है। 84 साल के हो चुके अमिताभ आज भी दिन में 10 घंटे काम करते हैं।

लगभग 15 दिन पहले बच्चन ने ऐलान किया था कि वह डॉक्टरों की सलाह के बाद बतौर एक्टर और टीवी होस्ट अपनी बिजी जिंदगी से ब्रेक ले रहे हैं। अब उन्होंने अपने ब्लॉग में हेल्थ अपडेट शेयर की है। सुपरस्टार ने बताया कि उन्हें सोने में दिक्कत हो रही है।

अमिताभ ने शेयर की हेल्थ अपडेट

अमिताभ ने यह नहीं बताया था कि डॉक्टरों के उन्हें ब्रेक लेने के लिए बोलने का क्या कारण था। हालांकि अब उन्होंने यह जरूर बता दिया है कि वह जिम में एक्सरसाइज या वर्कआउट नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि इससे उनके शरीर पर जोर पड़ता है। बच्चन ने अपने ब्लॉग की शुरुआत में कहा कि वो फॉन्ट (Font) साइज को बदलने में मुश्किल का सामना कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें निर्देश समझ नहीं आ रहे।

बिग बी ने ब्लॉग में लिखा, ‘ब्लॉग लिखते हुए अभी भी फॉन्ट साइज के दिक्कत झेलनी पड़ रही है। अगर किसी को पता है कैसे इसे ठीक किया जाए, जरूर बताइएगा। गूगल पर गया था, निर्देश समझ नहीं पाया।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘जल्दी उठ गया था, क्योंकि मेरे दिमाग में चल रहा था कि मुझे ब्लॉग कल रात ही लिख लेना चाहिए थे। तो मैं उठ गया हूं और उम्मीद कर रहा हूं कि फिर से सोने का मौका मिलेगा, अगर हो सका तो।’

और पढ़ें: ब्राह्मणों पर टिप्पणी मामले में अनुराग कश्यप की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट में पेश नहीं होने पर जारी हुआ जमानती वारंट

नींद आने में हो रही दिक्कत

अपनी नींद न आने की दिक्कत पर बात करते हुए अमिताभ ने लिखा, ‘कई बार नेट (इंटरनेट) पर आपको नींद लाने के लिए बहुत सारे फिजिकल मोशन मिलते हैं। सबकुछ ट्राई कर लिया, और कुछ भी नहीं हुआ। बेस्ट यह है कि इसे नेचुरल तरीके से किया जाए। चादर के नीचे जाओ, छोटे बच्चे की तरह तकिये से लिपट जाओ और हो गया। खर्राटे भरो।’

उन्होंने बताया कि वह एक्सरसाइज को दोबारा शुरू करने की कोशिश में हैं। बच्चन ने लिखा, ‘जिम रूटीन से हटा हुआ है, तो उसे वापस लाने की कोशिश कर रहा हूं। वर्कआउट से पूरे शरीर और दिमाग पर भारी असर पड़ता है, इसकी वजह से और ध्यान देने की जरूरत है। दिमाग कहता है, ‘हां।’ लेकिन शरीर कहता है, ‘रुको दोस्त, बूढ़े आदमी को अंदर मत आने दो।’ कहना आसान है। लेकिन करो। तो मैं करूंगा।’

21 अक्टूबर को अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर काम से ब्रेक लेने का ऐलान किया था। उन्होंने लिखा था, ‘मैं माफी चाहता हूं। मुझे कुछ दिनों के लिए छुट्टी लेने की सलाह दी गई है ताकि मैं आराम कर सकूं। तो मैं लिख नहीं पाऊंगा।’

और पढ़ें: ‘आपको वीडियो फिर से अपलोड करना चाहिए’, BMC द्वारा दिवाली पटाखों पर दीया मिर्जा का वीडियो हटाने पर बोला बॉम्बे हाईकोर्ट

यह सब अमिताभ बच्चन के ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के सेट पर फिसलकर गिरने के बाद हुआ था। हालांकि शो के दौरान उन्होंने अपनी चोट को छिपाए रखा और सभी से कहा कि कोई गंभीर बात नहीं है।

चोट लगने के बावजूद अमिताभ बच्चन ने रविवार को अपने फैंस से मिलने की परंपरा भी जारी रखी। उन्होंने 1 नवंबर को शीशे की दीवार के पीछे से फैंस से मुलाकात की। कुछ वक्त पहले मुंबई के मेयर को ई-मेल के सहारे अमिताभ का घर जलसा ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी मिली थी। ऐसे में बिग बी की सिक्योरिटी में इजाफा किया गया।