बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सालों से चली आ रही फैंस के साथ संडे मीट परंपरा को आज भी कायम है। हर रविवार की तरह इस बार भी अभिनेता के मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर फैंस की भारी भीड़ जुटी और बिग बी उनसे मिले, लेकिन इस बार उनके मिलने का अंदाज कुछ अलग था। अभिनेता ने 12 फीट ऊंचे बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे रहकर फैंस का अभिवादन किया।

जी हां! अमिताभ बच्चन को कुछ दिन पहले धमकी मिली थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस रविवार भी उनके घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। वहीं, उनके बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन भी सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखते दिखाई दिए।

सुरक्षा के इन कड़े इंतजामों के पीछे अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई हालिया फायरिंग और उसके बाद अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी बताया जा रहा है। मुंबई में मेयर के ऑफिस में एक मेल में अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी और दिलजीत दोसांझ के दिल्ली वाले कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक की धमकी दी गई थी।

इसके अलावा कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी बताया गया कि टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमला करने वाले हमलावरों ने अमिताभ बच्चन और सलमान खान के घरों की भी रेकी की थी। हालांकि, दोनों अभिनेताओं के घरों के बाहर कड़ी सुरक्षा होने की वजह से हमलावर गोलीबारी नहीं कर सके। वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर सुरक्षा के इंतजाम तुलनात्मक रूप से कम थे, जिसका फायदा उठाकर हमलावरों ने फायरिंग की।

यह भी पढ़ें: ‘कान खोलकर सुन लो’, मीडिया को अमिताभ बच्चन ने गलत खबर चलाने पर लगाई झाड़, दे डाली चेतावनी

बता दें कि अमिताभ बच्चन सालों से हर रविवार अपने घर जलसा के बाहर अपने फैंस से मिलते आ रहे हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए हर हफ्ते सैकड़ों की संख्या में फैंस उनके घर के बाहर पहुंचते हैं। सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद अभिनेता ने अपनी इस परंपरा को जारी रखा और सेफटी ख्याल रखते हुए फैंस को अपनी झलक दिखाई।

पिता की सुरक्षा पर अभिषेक बच्चन की खास नजर

रविवार को फैंस से मुलाकात के दौरान अभिषेक बच्चन भी जलसा के बाहर मौजूद रहे। वह अपने पिता की सुरक्षा व्यवस्था पर करीब से नजर रखते दिखाई दिए। अभिषेक की मौजूदगी ने वहां मौजूद प्रशंसकों का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर भी लोग अपने पिता की सुरक्षा को लेकर उनकी सतर्कता की सराहना कर रहे हैं। इससे पहले रविवार को भी अमिताभ बच्चन के साथ-साथ देखा गया था।