सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन इस समय अपने एक ब्लॉग पोस्ट की वजह से अचानक चर्चा में आ गए। 83 साल के हो चुके अमिताभ के एक पोस्ट को गलत समझ कर उनके फैंस को उनकी हेल्थ की चिंता होने लगी। अब इस पर एक्टर ने खुद रिएक्ट करते हुए इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया हैं।

यह भी पढ़ें- ‘वो मुझसे फिल्मी नहीं, सच्ची मोहब्बत…’, जब प्यार के सीन शूट करते-करते मधुबाला ने पढ़ लिया था दिलीप कुमार के दिल का हाल | CineGram

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में एक ब्लॉग पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अस्पताल में सर्जरी और ICU में काबिल डॉक्टर्स के बीच रहना, फिर डिस्चार्ज होकर घर लौटना काफी मुश्किल दौर होता है। इस पोस्ट के सामने आते ही उनके फैंस एक्टर की हेल्थ के लिए परेशान होने लगे। अब एक्टर ने अपने नए पोस्ट में इन सभी गलतफहमियों को साफ करते हुए बताया कि उनके पोस्ट को गलत समझा गया है। उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया है।

अभिनेता अमिताभ बच्चन ने वैराइटी इंडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उनकी बात को गलत समझा गया है। एक्टर ने कहा, ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं। मेरी कोई सर्जरी नहीं हुई है। मेरी पोस्ट को गलत समझा गया। मैं सिर्फ उदाहरण दे रहा था कि सर्जरी या ICU से घर लौटने के बाद का समय सबसे मुश्किल होता है, क्योंकि तब व्यक्ति को अपनी खराब हालत से खुद निपटना पड़ता है। इसी तरह, जब कोई चैंपियन हारता है, तो उसके बाद खुद को संभालना और उस हार से उबरना सबसे मुश्किल दौर होता है।’

अमिताभ ने उनसे जुड़ी सभी अफवाहों को खारिज करते हुए कहा, ‘मैं अर्जेंटीना की स्पेन के खिलाफ हार और चैंपियन मेसी के हारने की बात कर रहा था। लोगों ने मान लिया कि मैं अपने बारे में बात कर रहा हूं।’ इसके अलावा एक्टर से जब उनकी हेल्थ के बारे में सवाल किया गया, जिस पर उन्होंने साफ कहा कि ‘वो बिल्कुल ठीक हैं।’

बता दें कि एक्टर के पोस्ट में सर्जरी और ICU की बात सुनकर फैंस काफी चिंता में गए थे। लगातार उनकी हेल्थ अपडेट के लिए सवाल देखने मिल रहे थे। सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट काफी वायरल हो रहा था जिसके बाद अमिताभ ने खुद सामने आकर इस इंटरव्यू के जरिए इस तरह की सभी खबरों को साफ कर दिया।

यह भी पढ़ें- लेटेस्ट ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने किया सर्जरी और आईसीयू में रहने का जिक्र, फैंस की बढ़ी चिंता

बात करें एक्टर के वर्क फ्रंट की तो अमिताभ बच्चन जल्द ही ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आएंगे, जिसमें वह एक बार फिर अश्वत्थामा का किरदार निभाते दिखाई देंगे। नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रभास और कमल हासन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं, मेकर्स ने पिछले साल पुष्टि की थी कि पहले पार्ट में नजर आईं दीपिका पादुकोण सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।

इसके अलावा अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए सीजन के साथ बतौर होस्ट भी वापसी करेंगे, जिसका प्रसारण 10 अगस्त से शुरू होने वाला है।