अमिताभ बच्चन हाल ही में 84 साल के हो गए हैं। करीब छह दशक से फिल्मी दुनिया में सक्रिय महानायक का मानना है कि जन्मदिन मनाने के लिए कोई खास वजह नहीं होती। हाल ही में एक इंटरव्यू में अभिनेता ने अपने रिटायरमेंट प्लान, जिंदगी के मुश्किल दौर और पिता हरिवंश राय बच्चन से जुड़ी एक भावुक याद साझा की। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनका काम छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। अमिताभ का मानना है कि उन्हें हमेशा किसी न किसी अदृश्य शक्ति का संरक्षण मिला है, जिसकी वजह से वह मौत के मुंह से वापस लौट पाए।

रेडिफ के लिए सुभाष के झा से बातचीत में अमिताभ बच्चन ने अपने जन्मदिन को लेकर कहा, “इसमें जश्न मनाने जैसा क्या है? यह भी दूसरे दिनों की तरह ही एक दिन है। मैं शुक्रगुजार हूं कि आज भी काम कर रहा हूं और मेरा शरीर मेरी इच्छाशक्ति के साथ कदम मिलाकर चल पा रहा है।”

उन्होंने अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की एक पारिवारिक परंपरा का भी जिक्र किया। उनके पिता परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन पर उसके लिए कविता सुनाया करते थे। अमिताभ के मुताबिक, 1982 में फिल्म कुली के सेट पर हुए जानलेवा हादसे के बाद इस परंपरा का उनके जीवन में एक अलग ही महत्व हो गया।

हरिवंश राय बच्चन की आंखों से छलके थे आंसू

अमिताभ बच्चन ने उस भावुक पल को याद करते हुए कहा, “इस परंपरा का एक बिल्कुल नया अर्थ तब सामने आया, जब मेरे जानलेवा हादसे के बाद 1984 में मेरे पिता ने मेरे जन्मदिन पर कविता सुनाई। यह मेरे लिए एक नए जीवन जैसा था। कविता पढ़ते समय मेरे पिता भावुक होकर रो पड़े थे। मैंने उन्हें इस तरह सिर्फ एक बार देखा है।”

अमिताभ बच्चन के लिए यह घटना जिंदगी का एक बेहद खास पल बन गई। फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान हुए हादसे में अभिनेता की जान पर बन आई थी। उस मुश्किल दौर से उबरने के बाद उन्हें जीवन के प्रति एक नया नजरिया मिला।

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के जन्मदिन का किस्सा: प्रयागराज में मेहमान से पूछा मेरे लिए क्या लाए हैं? रो पड़े पिता

अमिताभ बच्चन ने साल 1984 में राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से कुछ समय के लिए दूरी बना ली थी। हालांकि, राजनीति छोड़ने के बाद उन्होंने दोबारा कभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचा। आज भी वह लगातार काम कर रहे हैं और फिल्मों के साथ टीवी पर भी सक्रिय हैं।

रिटायरमेंट को लेकर अभिनेता ने कहा, “मुझे काम छोड़ने के बारे में क्यों सोचना चाहिए? लोग मुझे मेरे काम से रिटायर कराने के लिए इतने उत्सुक क्यों हैं?”

उन्होंने आगे कहा, “मैं मौत के मुंह तक पहुंचा हूं और फिर वहां से वापस खींच लिया गया। कहीं न कहीं कोई है, जिसने इन सभी सालों में मेरी रक्षा की है।”

अमिताभ खुद को मानते हैं आर्थिक मामलों में कमजोर

अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। 1990 के दशक में उनकी कंपनी एबीसीएल (अमिताभ बच्चन कॉरपोरेशन लिमिटेड) आर्थिक संकट में फंस गई थी और अभिनेता को दिवालियापन जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा था। हालांकि, आज उनकी गिनती देश के सबसे सफल और संपन्न अभिनेताओं में होती है।

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, अमिताभ बच्चन की कुल संपत्ति करीब 4,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके बावजूद अभिनेता खुद को अर्थव्यवस्था और वित्तीय मामलों में कमजोर मानते हैं।

अपने लंबे करियर और सफलता पर बात करते हुए उन्होंने कहा,”मुझे नहीं पता कि क्या बिकता है और क्या नहीं। मैं अर्थशास्त्र और वित्तीय मामलों में अच्छा नहीं हूं। मुझे कभी यह समझ नहीं आया कि खुद को बाजार में कैसे पेश करना है। लेकिन अगर आप मेरे करियर का ग्राफ देखें, तो आपको बहुत कम ऐसे अभिनेता मिलेंगे, जिन्होंने इतने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हों।”

अमिताभ ने 1970 और 1980 के दशक में यश चोपड़ा, ऋषिकेश मुखर्जी और मनमोहन देसाई जैसे दिग्गज निर्देशकों के साथ काम किया। इसके बाद भी उन्होंने नई पीढ़ी के निर्देशकों के साथ काम करना जारी रखा। अपने मौजूदा दौर के बारे में उन्होंने कहा, “अब मुझे वरिष्ठ किरदारों में भी स्वीकार किया जाने लगा है। मैं इसी दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।”

अमिताभ बच्चन नहीं बनना चाहते निर्देशक

एक सफल अभिनेता होने के साथ-साथ अमिताभ बच्चन ने निर्माता के तौर पर भी काम किया है, लेकिन निर्देशन करने का विचार उनके मन में कभी नहीं आया।

इस बारे में उन्होंने कहा, “मैं तो इसका सपना भी नहीं देख सकता, क्योंकि मुझे निर्देशन की कला की पर्याप्त समझ ही नहीं है। दूसरे रचनात्मक लोग मेरे सामने कोई चुनौती रखते हैं, तो मैं उसे स्वीकार कर लेता हूं। बस, इतना ही है।”

अभिनेता ने बताया कि वह जिन निर्देशकों के साथ काम करते हैं, उन्हें अपने सुझाव जरूर देते हैं, लेकिन उन्हें मानना या खारिज करना पूरी तरह निर्देशक पर निर्भर करता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ज्यादातर निर्देशक उनके सुझावों को खारिज कर देते हैं और अच्छी बात यह है कि वे फिल्में सफल भी होती हैं। ऐसे में उन्हें लगता है कि उनके सुझावों को मानने की जरूरत नहीं है।

अमिताभ ने यह भी कहा कि वह कभी मुश्किल अभिनेता नहीं रहे और उनके लिए निर्देशक ही फिल्म का कप्तान होता है।

अमिताभ बच्चन की अधूरी ख्वाहिशें क्या हैं?

करीब छह दशक के करियर में कई उपलब्धियां हासिल करने वाले अमिताभ बच्चन की कुछ इच्छाएं आज भी अधूरी हैं। जब उनसे इन ख्वाहिशों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “पियानो बजाना सीखना, गुरु दत्त के साथ काम करना और अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना।” बता दें कि अमिताभ बच्चन इन दिनों टीवी के लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन को होस्ट कर रहे हैं।