भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन आज अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। करीब 50 सालों से इस इंडस्ट्री को बेहतरीन फिल्में देने वाले कलाकार के बारे में जितनी बात की जाए, वो कम लगेगी। एक लेख में उनके जीवन की सभी उपलब्धियां लिखना भी काफी मुश्किल है।

अमिताभ ने अपने फिल्मी करियर में करीब 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। एक फिल्म है ‘सिलसिला’, जो साल 1981 में रिलीज हुई थी जो अमिताभ के करियर की काफी चर्चित फिल्म रही है। इस फिल्म के गाने ने सालों बाद भी दर्शकों को अपना दीवाना बनाया हुआ है।

394 मिलियन व्यूज वाला 45 साल पुराना गाना आज भी प्रेमी जोड़ों के दिलों पर राज करता है। अमिताभ बच्चन और रेखा पर फिल्माया गया ‘देखा एक ख्वाब तो ये सिलसिले हुए’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि मोहब्बत का वो खूबसूरत एहसास है, जो आज भी इंस्टाग्राम रील्स पर कपल्स की पहली पसंद बना हुआ है।

लता मंगेशकर-किशोर कुमार की गायकी

‘देखा एक ख्वाब तो ये सिलसिले हुए’ गाने को किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं और इस गाने के संगीतकार शिव-हरि थे। लता मंगेशकर की सुरीली आवाज इस गाने की जान है। आज के जेनरेशन भी उनके गानों को उसी पुराने अंदाज में सुनना पसंद करते हैं।

यह भी पढ़ें- 80s के इन 2 गानों से रेखा की बदली थी पहचान, आशा की आवाज, शहरयार के बोल ने किया था कमाल

गाने के बोल कुछ इस तरह हैं-

देखा एक ख्वाब तो ये सिलसिले हुए
दूर तक निगाहों में हैं गुल खिले हुए
देखा एक ख्वाब तो ये सिलसिले हुए
दूर तक निगाहों में हैं गुल खिले हुए

45 साल बाद भी गाने का क्रेज बरकरार

45 साल से इस गाने को लगातार दर्शकों का प्यार मिलता आया है। इसका सबूत ये कि इस यशराज फिल्म्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इस गाने का ओरिजनल वीडियो है, जिस पर पिछले 10 सालों में 394 मिलियन व्यूज हैं। 4 मिनट 27 सेकेंड के इस गाने को आज के दौर में भी उतना ही पसंद किया जाता है।

अमिताभ बच्चन और रेखा की जोड़ी का कमाल

80 के दशक की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्मी जोड़ी अमिताभ बच्चन और रेखा की बताई जाती थी। दर्शक दोनों को साथ में देखना काफी पसंद करते थे। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री काफी जबरदस्त थी।

गाने को अमिताभ और रेखा की जोड़ी पर फिल्माया गया था। फिल्म में अमिताभ बच्चन और रेखा के बीच के अधूरे प्रेम और कल्पनाओं को नीदरलैंड्स के खूबसूरत ट्यूलिप गार्डनों में फिल्माया गया है। यह गाना लव ट्रायंगल कहानी में दोनों किरदारों के बीच के एहसासों को दिखाता है।

यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन के जन्मदिन का किस्सा: प्रयागराज में मेहमान से पूछा मेरे लिए क्या लाए हैं? रो पड़े पिता

जेन-जी में भी मशहूर है गाना

वक्त बदल गया, प्यार जताने के अंदाज बदल गए, लेकिन इस गाने का जादू आज भी बरकरार है। आखिर क्या खास है इस सदाबहार गाने में, जो 45 साल बाद भी नई पीढ़ी को इश्क में डूबने पर मजबूर कर देता है। सोशल मीडिया पर तमाम वीडियोज, रील्स, पोस्ट पर आज भी इस गाने को इस्तेमाल किया जाता है। आज के जेन-जी लोगों को भी इस गाने का शौकीन देखा जाता है।