‘हेरा फेरी’ फ्रैंचाइजी हिंदी सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित फ्रैंचाइजों में से एक है। पहली दो फिल्में जबरदस्त हिट रहीं और पहला पार्ट इतने साल बीत जाने के बाद भी क्लासिक बना हुआ है। दर्शक लंबे समय से इसके तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इसे लेकर काफी विवाद हो चुका है। हालांकि अब सब ठीक है और जल्द ही ‘हेरा फेरी 3’ से जुड़ी बड़ी खुशखबरी फैंस को मिल सकती है।

बता दें कि ‘हेरा फेरी 3’ की घोषणा के बाद से ही यह फिल्म एक के बाद एक विवादों में घिरी हुई है। इनमें सबसे बड़ा मुद्दा परेश रावल का अचानक फिल्म छोड़ना रहा। जिसके बाद उनके को-एक्टर और निर्माता अक्षय कुमार ने उन पर 25 करोड़ रुपये का मुकदमा कर दिया। अब, परेश रावल ने अक्षय के साथ अपने मतभेद के बारे में बात की है और बहुप्रतीक्षित फिल्म के भविष्य पर भी अपनी राय रखी है।

देर से सही, लेकिन आएगी फिल्म

द लावारी शो में बात करते हुए परेश रावल ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए बताया कि फिल्म बन रही है। उन्होंने खुलासा किया कि अक्षय और फिल्म निर्माताओं के बीच तकनीकी मुद्दों के कारण देरी हुई। परेश ने कहा, “यह सब जो हंगामा हुआ कि अक्षय कुमार ने मुझ पर 25 करोड़ रुपये का मुकदमा किया है, वह सब ठीक है, ये तो बस कछुआ छाप अगरबत्ती जैसा है।”

यह भी पढ़ें: कांतारा विवाद: रणवीर सिंह के खिलाफ बेंगलुरु में FIR दर्ज, जानें कौन हैं चावुंडी दैव

उन्होंने आगे कहा कि इस विवाद से उनका व्यक्तिगत रूप से कोई लेना-देना नहीं है और स्पष्ट किया कि निर्माता और अक्षय कुमार के बीच तकनीकी मामला सुलझते ही वह फिल्म साइन करने के लिए तैयार हैं।

बाबूराव का किरदार फिल्म के लिए जरूरी

परेश ने यह भी स्वीकार किया कि उनके किरदार बाबूराव के बिना ‘हेरा फेरी 3’ वैसी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा, “लेकिन विनम्रता की कीमत पर भी मैं कह रहा हूं कि अगर वे बाबूराव के बिना हेरा फेरी बनाने की योजना पर आगे बढ़ रहे हैं, तो यह एक बड़ी असफलता होगी।” उन्होंने आगे कहा, “तो बात सीधी सी है, अगर दोनों के बीच मामला सुलझ जाता है, तो मैं कागजात पर हस्ताक्षर कर दूंगा। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन यह फिल्म 100% बनेगी।”

यह भी पढ़ें: ‘कई बार हम फंस जाते हैं’, अरिजीत सिंह के फैसले को नीना गुप्ता ने बताया बहादुरी का काम, श्रेया घोषाल बोलीं- ऊंची उड़ान भरना

2022 में, आधिकारिक घोषणा की गई थी कि ‘हेरा फेरी’ का तीसरा पार्ट बन रहा है। हालांकि, बाद में खबरें आईं कि परेश रावल ने अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया है। इसके बाद अक्षय कुमार ने अभिनेता पर ‘घोर गैर-पेशेवर आचरण’ का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया। हालांकि, बाद में दोनों ने अपने मतभेदों को सुलझा लिया और अक्षय ने आरोप वापस ले लिए, जिसके बाद परेश फिल्म में वापस आ गए और उन्होंने पुष्टि की कि उनके बीच सभी मुद्दे सुलझ गए थे।