‘गदर’, ‘कहो ना प्यार है’, ‘हमराज’ और ‘भूल भुलैया’ समेत कई फिल्मों में अभिनय कर चुकीं अभिनेत्री अमीषा पटेल ने हाल ही में अपने परिवार और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बीच गहरे रिश्ते को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री का उनके परिवार से जुड़ाव उनके जन्म से भी पहले का है। सिर्फ इतना ही नहीं, जब 1975 में अभिनेत्री का जन्म हुआ, तो इंदिरा गांधी सबसे पहले उन्हें देखने अस्पताल पहुंची थीं।

बॉलीवुड बबल के साथ बात करते हुए अमीषा ने कहा, “मेरा जन्म ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था, तब सबसे पहले मुझे देखने आने वाली शख्सियत इंदिरा गांधी थीं।” वहीं, अमीषा ने अपने दादा रजनी पटेल का भी जिक्र किया, जो एक जाने-माने बैरिस्टर थे और राजनीति में उनका अच्छा खासा प्रभाव था।

यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Box Office Collection Day 9: ‘भूत बंगला’ ने वर्ल्डवाइड कमाए 160 करोड़, भारत में कलेक्शन 100 करोड़ के पार

क्या बोलीं अमीषा पटेल

अपने दादा के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “मेरे दादाजी, रजनी पटेल एक बहुत ही मशहूर बैरिस्टर थे। फिर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। बचपन से उनके मार्गदर्शक जवाहरलाल नेहरू थे। जब उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया, तो सबसे पहले वे कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए और फिर कांग्रेस में चले गए। कांग्रेस में अपने समय के दौरान, उनकी सबसे करीबी सहयोगी इंदिरा गांधी थीं। वे उनके मुख्य सलाहकार थे।”

अमीषा ने आगे कहा, “उन्होंने कांग्रेस के ट्रेजरर और प्रेसिडेंट के तौर पर भी काम किया। इंदिरा गांधी कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले मेरे दादा से चर्चा करती थीं या उनकी राय लेती थीं। मेरे दादाजी ने पूरे भारत में कई मुख्यमंत्रियों के लिए फंड भी जुटाए थे। हमारा परिवार काफी हद तक राजनीति से जुड़ा हुआ है।”

इंदिरा गांधी ने तय की थी शादी की तारीख

अमीषा पटेल ने आगे बताया कि उनके माता-पिता के शादी की तारीख इंदिरा गांधी ने ही तय की थी। अभिनेत्री ने कहा, “इंदिरा गांधी ने मेरे माता-पिता की शादी की तारीख तय की थी। उनकी कुंडलियां नहीं देखी गई थीं। उनसे (इंदिरा गांधी) पूछा गया कि वे कब मौजूद हैं और उनकी तारीखों के आधार पर ही मेरे माता-पिता की शादी का दिन तय किया गया।”

इसके बारे में अमीषा ने पहले भी रणवीर के पॉडकास्ट में बताया था कि श्रीमती इंदिरा गांधी ही थीं, जिन्होंने मेरे माता-पिता की शादी की तारीख तय की थी। उनकी शादी की तारीख तय करने के लिए कोई कुंडली नहीं देखी गई थी। मेरे दादा बैरिस्टर रजनी पटेल ने इंदिरा गांधी से पूछा, “इंदिरा, तुम कब फ़्री हो? उन्होंने कहा कि रजनी, मैं 4 जुलाई को फ़्री हूं। शादी की तारीख 4 जुलाई तय हो गई। शादी साउथ बॉम्बे के कोलाबा में ताज महल पैलेस में हुई। इस तरह मेरे माता-पिता की शादी हुई।”

यह भी पढ़ें: ‘तुम कभी हीरो नहीं बन सकते’, अमिताभ बच्चन को देखकर फिल्म निर्माता ने किया था दावा | रील गाथा