म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक अक्सर चर्चा का हिस्सा बने रहते हैं। बीते साल वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में नजर आए थे, जहां उन्होंने अपनी पर्सनल-प्रोफेशनल लाइफ को लेकर काफी सारी चीजें शेयर की थी। अब सिंगर ने एक इंटरव्यू दिया है और उसमें उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री की गहरी कमियों के बारे में बात की है, जिसमें वहां के लोगों के काम करने का तरीका, क्रेडिट देने का तरीका, आर्टिस्ट के अधिकार और पेमेंट जैसे कई मुद्दे शामिल हैं।
पिंकविला को दिए हालिया इंटरव्यू में अमाल ने बताया कि कैसे फिल्म ‘रॉय’ का ‘सूरज डूबा है गाना सिर्फ 8-9 लाख रुपये के बजट में बना था, लेकिन उस गाने से म्यूजिक लेबल ने लगभग 60-70 करोड़ रुपये कमाए। इसके बावजूद अमाल को उस सफलता में से कोई हिस्सा नहीं मिला।
क्या बोले अमाल मलिक
इंटरव्यू में सिंगर ने कहा, “उस गाने से म्यूजिक लेबल ने 60-70 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन मुझे कुछ भी नहीं मिला। सिर्फ पब्लिशिंग राइट्स मिले, जिनकी कीमत 1 करोड़ रुपये के आस-पास भी नहीं है।” अमाल के लिए यह लड़ाई सिर्फ पैसों के लिए नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं इतना पैसा कमाना चाहता हूं ताकि लोगों की मदद कर सकूं।
मैं यह अपने तरीके से करता हूं और इसके बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता, लेकिन लोगों की मदद करने के लिए पैसे की जरूरत होती है। यह तभी मुमकिन है जब मेरे पास अधिकार हों- बराबर के अधिकार हों- जो फिल्म म्यूजिक में हमें नहीं मिलते।” फिर अमाल ने हिंदी सिनेमा की स्थिति की तुलना साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री से की। सिंगे ने कहा, “रहमान सर (एआर रहमान) और साउथ के कई दूसरे लोग हैं, जो अपनी बात पर टिके रहे हैं। उन्होंने फीस में भारी अंतर की तरफ इशारा करते हए कहा।
अमाल ने कहा, “साउथ के म्यूजिक कंपोजर को 10-15 करोड़ रुपये जैसी भारी फीस मिल रही है, जबकि हिंदी म्यूजिक कंपोजर को 2-3 करोड़ रुपये मिल रहे हैं और वे सारे राइट्स छोड़ देते हैं। यह पैसे के लिए रोने की बात नहीं है, लेकिन पैसा एक ऐसी चीज है जो मेरे जैसे दिल वाले, मेरे जैसी सोच वाले इंसान को लोगों की मदद करने में मदद करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि हमें अपने लिए घर या कुछ और खरीदने के लिए पैसे नहीं चाहिए। 16 साल बाद, मैंने अभी अपने लिए एक कार खरीदी है। मैंने कभी अपने लिए कुछ नहीं किया, यह हमेशा मेरे आस-पास के लोगों के लिए था।”
कई प्रोजेक्ट से निकाले गए अमाल
अमाल ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ सालों में कई प्रोजेक्ट्स से हटा दिया गया था। सिंगर ने कहा, “पिछले पांच सालों में मुझे 40 से 45 फिल्मों से निकाल दिया गया। जब मैं दिखाई नहीं दे रहा था, तब भी मेरा म्यूजिक जिंदा रहा।”
इतना ही नहीं अमाल ने अपने करियर की शुरुआत में खुलकर बोलने के खतरों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “लोग मुझसे कहते हैं कि अगर तुम ऐसा करोगे, तो तुम्हें कम काम मिलेगा। मैं यह समझता हूं, लेकिन मुझे कोई दूसरा तरीका नहीं पता।”
