सिंगर अमाल मलिक अक्सर सुर्खियों का हिस्सा रहते हैं। सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा बनने के बाद से उनकी पॉपुलैरिटी में भी इजाफा हुआ है। एआर रहमान के बयान और अरिजीत सिंह के संन्यास लेने की खबरों के बीच अब अमाल मलिक ने एक हैरान करने वाली जानकारी दी है। सिंगर ने एक किस्सा साझा किया, जो भूल भुलैया 3 से जुड़ा है। आइए जानते हैं कि उनका दावा चर्चा का हिस्सा कैसे बन गया।

हिंदी सिनेमा में इन दिनों पुराने गानों के रीमेक का ट्रैंड लगातार बढ़ता जा रहा है। बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट रह चुके अमाल मलिक ने बॉलीवुड की पॉलिटिक्स और मार्केटिंग के बढ़ते दबाव के बारे में बात की। अमाल ने खुलासा करते हुए एक नए इंटरव्यू में बताया है कि किस तरह भूल भुलैया 3 के लिए मेरे ढोलना गाना गवाने के लिए उन्हें कैसे लड़ाई लड़नी पड़ी थी।

पिंकविला को दिए एक लेटेस्ट इंटरव्यू में अमाल मलिक ने बताया कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में आज के समय में भी कंपोजर क्रेडिट और फाइनेंशियल सिक्योरिटी के लिए लड़ते हैं। डब्बू मलिक के बेटे और मशहूर सिंगर अरमान मलिक के भाई अमाल ने कहा, ‘मैं अक्सर अपने कंपोजिशन के लिए किसी आर्टिस्ट का चयन करने के लिए बेहद सोच-समझकर फैसला लेता हूं। लेकिन वो लोग यह नहीं चाहते थे कि सोनू निगम ‘मेरे ढोलना 3.0′ गाना गाए। उन्हें यह सही नहीं लग रहा था कि हमें सोनू निगम जैसे मशहूर सिंगर के साथ जाना चाहिए। इस तरह की बातें आज के समय में हर जगह हैं। अगर आज उनके जैसे लेजेंडरी सिंगर को भी कटघरे में खड़ा किया जाता है, तो आप समझ सकते हैं कि फिर हम कहां खड़े हैं।’

यह भी पढ़ें: रियल लाइफ की ‘मर्दानी’, इस IPS अफसर ने बच्चों के तस्करी रैकेट का किया था सफाया

अमाल ने बताया कौन उन्हें भूल भुलैया 3 से हटाना चाहता था?

कार्तिक आर्यन स्टारर भूल भुलैया 3 साल 2024 में रिलीज हुई थी। इसमें उनके साथ तृप्‍त‍ि डिमरी, विद्या बालन और माधुरी दीक्ष‍ित को अहम भूमिकाओं में देखा गया। इस फिल्म का गाना ‘मेरे ढोलना 3.0’ सोनू निगम ने ही गाया था। लेकिन, इसके पीछे अमाल को लड़ाई लड़नी पड़ी थी। इस बारे में सिंगर ने बताया कि भूषण कुमार सर मान गए। रिकॉर्ड लेबल के डिवीजन के हिस्सा वाले लोग भी मान गए।

अमाल ने आगे अपनी बात पूरी करते हुए बताया कि ‘लेकिन मार्केटिंग टीम के लोग आ रहे हैं और एक्टर की टीम से मैनेजर आ रहे हैं कि इस गाने के लिए अरिजीत सिंह को लेना चाहिए या विशाल मिश्रा के साथ जाना चाहिए। मुझे इस गान के लिए दमदार आवाज चाहिए थी, जो मुझे सोनू निगम की लगी। जब गाना रिलीज हुआ, तो सभी ने कहा वाह क्या गाना है, लेकिन जब गाने के लिए मैं उन्हें शामिल करने का प्रयास कर रहा था, तो वो लोग मुझे ही फिल्म से हटाने के लिए पूरी तरह से तैयार थे।’