साल 2026 जनवरी में बॉलीवुड और फिल्मों के लिए सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिग से सन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने अपनी बात को पूरी तरह समझाते हुए बताया था कि वह संगीत नहीं छोड़ रहे हैं बल्कि कमर्शियल फिल्मों के लिए गाने रिकॉर्ड करना बंद कर रहे हैं।

इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस काफी हैरान और दुखी हो गए थे। सिंगर ने कभी इसके पीछे की वजह नहीं बताई। अब इस बारे में म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने बात की है। अमाल ने बताया कि सिंगर ने सन्यास लेने के बारे में क्यों सोचा। इसके पीछे की वजह पर बात करते हुए अमाल का कहना था कि ये अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि सिंगर ने इसके लिए 1-2 साल पहले ही मन बना लिया था।

यह भी पढ़ें- बीमार बेटी को तड़पता देख अंदर से टूट गए थे राकेश रोशन, सालों बाद सुनाई आपबीती, बोले- चुपचाप प्रार्थना करता था

अमाल मलिक का अरिजीत के सन्यास पर बयान

पिंकविला के साथ बातचीत करते हुए अमाल मलिक कहते हैं कि वो बहुत पहले ही अरिजीत का इंडस्ट्री के प्रति दिलचस्पी खोना भाप चुके थे। सिंगर के घोषणा करने से पहले उन्हें इस बात का अंदाजा था।

अमाल ने कहा- “मुझे नहीं लगता कि किसी ने उन्हें किसी भी तरह मजबूर किया था। यह फैसला उन्होंने खुद लिया था। दरअसल, जब उन्होंने सार्वजनिक तौर पर इसका ऐलान किया, तब तक उनके साथ काम कर चुके हम सभी लोग करीब एक-दो साल पहले ही समझ गए थे कि इस तरह के फिल्मी म्यूजिक में उनका मन नहीं रहा था।”

बड़ा कलाकार बनने के बाद प्रोजेक्ट्स चुनने की आजादी

अमाल मलिक ने कहा कि “फिल्मी म्यूजिक में भी जब कोई कलाकार बड़ा नाम बन जाता है, तो उसे अपने प्रोजेक्ट्स चुनने की आजादी मिल जाती है। इंडस्ट्री में पैसे का इतना प्रभाव है कि लोग अक्सर सोचते हैं, “जितने पैसे लगें, लगा दो, गाना बनाओ और अरिजीत से गवा लो।””

“इसकी वजह यह है कि किसी गाने में अरिजीत सिंह की आवाज होने से उसके हिट होने या कम से कम लोगों का ध्यान खींचने की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि, बाद में अरिजीत को भी एहसास हुआ कि सबसे ज्यादा मायने रखता है कि गाना खुद कितना अच्छा है।”

यह भी पढ़ें- कौन थे स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा? ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में फिर जिंदा हुई कारगिल के इस वीर की कहानी

700 गानें गाकर कोई भी थक जाएगा

अमाल का मानना है कि बेहद शानदार और लंबे करियर के बाद अरिजीत ने अपने काम को लेकर चयन करने का हक हासिल किया है। कंपोजर कहा, “कई भाषाओं में करीब 700 गाने गाने के बाद कोई भी कलाकार थक जाएगा। अरिजीत सिंह जैसा टैलेंट पीढ़ियों में एक बार देखने को मिलता है। हर किसी के पास उनकी जैसी काबिलियत, भगवान का आशीर्वाद या करियर के शिखर पर पहुंचकर भी पीछे हटने की हिम्मत नहीं होती है।”

अमाल मलिक के साथ मिलकर सिंगर ने इंडस्ट्री को कई खूबसूरत गानें दिए हैं। अब एक बार फिर उन्होंने फिल्म ‘अवारापन 2’ के एक गाने के लिए साथ काम किया। फैंस को फिल्म के टाइटल ट्रैक में सिंगर अरिजीत सिंह की आवाज सुनाई देगी।