Alpha Box Office Collection Day 3: आलिया भट्ट और शरवरी की फिल्म ‘ऐल्फा’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर शुरुआत की है। दरअसल, इसने उन ट्रेड अनुमानों को पीछे छोड़ दिया है, जिनमें फिल्म के पहले दिन की कमाई लगभग 6-7 करोड़ रुपये रहने की बात कही गई थी। लेकिन मूवी ने ओपनिंग डे पर 9.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इसके बाद दूसरे दिन ‘ऐल्फा’ ने भारत में 11.50 करोड़ रुपये कमाए। अब इसके तीसरे दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है।

सैकनिल्क के अनुसार, बॉबी देओल और अनिल कपूर की मूवी ने तीसरे दिन यानी रविवार को 7,439 शो में 13.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 40.80 रुपये करोड़ हो गया और कुल नेट कलेक्शन 34 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने तीसरे दिन 5 करोड़ रुपये कमाए, जिससे विदेश में कुल ग्रॉस कलेक्शन 18 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 58.80 करोड़ रुपये हो गया है।

यह भी पढ़ें: भारत में बंद हुई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’, 4 साल बाद हुई थी रिलीज अब सिर्फ 2 दिन में फिल्म को ओटीटी से हटाया

शनिवार के मुकाबले रविवार को फिल्म की कमाई में बेशक 15.2% की वृद्धि देखी गई, लेकिन इसके बावजूद पहले वीकेंड पर यह मूवी 50 करोड़ का बिजनेस भी नहीं कर पाई। बता दें कि शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कई लोगों ने एक्टिंग और एक्शन सीन की तारीफ की है, लेकिन स्क्रीनप्ले और कहानी कहने के तरीके की आलोचना भी की है।

आलिया भट्ट की तीसरी एक्शन मूवी

‘हार्ट ऑफ स्टोन’ और ‘जिगरा’ के बाद ‘ऐल्फा’ आलिया भट्ट की लगातार तीसरी एक्शन फिल्म है। कुछ दर्शकों का कहना है कि यह जॉनर अब एक्ट्रेस के लिए एक जैसा लगने लगा है। बता दें कि अभिनेत्री की पिछली बड़ी कमर्शियल हिट करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ थी, जिसने दुनिया भर में लगभग 357 करोड़ रुपये कमाए और ‘बेस्ट पॉपुलर फ़िल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट’ के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता।

वहीं, शरवरी के लिए ‘ऐल्फा’ उनके बढ़ते करियर का एक और अहम पड़ाव है। यह उनकी छठी फीचर मूवी है। इससे पहले वह ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आई थीं, जिसे क्रिटिक्स की तारीफ मिली और जो अब भी सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अब यह देखना खास होगा कि आखिर ‘ऐल्फा’ नॉन वीकेंड पर कैसा प्रदर्शन करती है।

यह भी पढ़ें: ‘पापा से रिलेशनशिप सलाह नहीं लेता’, आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी के बीच बेटे जुनैद का पुराना इंटरव्यू वायरल