Alpha Box Office Collection Day 2: यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की नई मूवी ‘ऐल्फा’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसमें आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल समेत कई कलाकार नजर आए हैं। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस मूवी को क्रिटिक्स और दर्शकों से कुछ खास अच्छे रिव्यू नहीं मिले हैं। अब इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, इस मूवी ने दो दिन में 20.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
दूसरे दिन ‘ऐल्फा’ ने 6,882 शो में 11.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इससे भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 24.60 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 20.50 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विदेशों में मूवी ने दूसरे दिन 7 करोड़ रुपये कमाए, जिससे वहां कुल ग्रॉस कलेक्शन 13 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 37.60 करोड़ रुपये हो गया है।
यह भी पढ़ें: ‘मम्मी-पापा के साथ न देख सकूं, ऐसा रोमांटिक सीन कभी नहीं करूंगा’, ‘टॉक्सिक’ विवाद के बीच वायरल हुआ यश का पुराना बयान
बता दें कि ‘ऐल्फा’ ने ओपनिंग डे पर 9.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। वहीं, दूसरे दिन फिल्म की कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 26.29% रही, जिसमें मॉर्निंग शो 9.69%, दोपहर के शो 22.31%, शाम के शो 29.46% और रात के शो 43.69% रहे। खास बात ये है कि ‘ऐल्फा’ अभी YRF स्पाईवर्स की सबसे कमजोर ओपनिंग वाली फिल्म है। इससे पहले ‘पठान’, ‘वॉर 2’, ‘वॉर’ और ‘टाइगर’ सीरीज की फिल्मों ने जबरदस्त ओपनिंग की थी और ये सभी हॉलिडे वीकेंड पर रिलीज हुई थीं।
करण जौहर ने की ‘ऐल्फा’ की तारीफ
‘ऐल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है और इस फ़्रैंचाइजी की पहली फिल्म है, जिसमें मुख्य भूमिका में कोई महिला है। वहीं, करण जौहर ने मूवी की तारीफ करते हुए लिखा, “जब सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या एक चुनौती बनी हुई है, तब ‘ऐल्फा’ ने अच्छी शुरुआत की है। यह कई बातें साबित करता है। दर्शक ऑनलाइन नकारात्मकता से कहीं ऊपर हैं और वही असली योद्धा हैं।
आलिया भट्ट की स्टार पावर, थिएटर तक दर्शकों को खींचने की क्षमता और उनका बेहतरीन टैलेंट किसी बहस का विषय नहीं है। साथ ही YRF लगातार ऐसी फ़्रैंचाइजी और फिल्में बना रहा है, जो सिनेमाघरों के लिए बड़े आकर्षण का केंद्र हैं। इसके लिए उनकी सराहना होनी चाहिए, न कि नकारात्मकता फैलानी चाहिए। इसलिए शांत रहें और इस बात का जश्न मनाएं कि सिनेमाघर फिर से सांस ले रहे हैं। ‘ऐल्फा’ देखें और बेवजह सोशल मीडिया पर नकारात्मक बातें पढ़ना बंद करें।”
