आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘ऐल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों रिलीज की गई। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की यह सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है और खास बात यह है कि यह फ्रेंचाइज की पहली फीमेल-लीड स्पाई थ्रिलर है, लेकिन ये फिल्म यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सबसे धीमी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। ‘ऐल्फा’ फिल्म की कमाई पहले दिन काफी कमजोर दिखी।

फिल्म ‘ऐल्फा’ में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल, अनिल कपूर मुख्य भूमिका में दिखाई दिए। ये फिल्म यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है जिसमें पहली बार फीमेल स्पाई को दिखाया गया है।

यह भी पढ़ें- शराब की लत, 2 घंटे नींद और डिप्रेशन के साथ जी रहे थे ‘मुन्नाभाई एम बी बी एस’ के एक्टर, सालों बाद सुनाई आपबीती

शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म को उदय चोपड़ा, सौमिल शुक्ला और श्रीधर राघवन ने लिखा है। सोशल मीडिया और फिल्म क्रिटिक्स से भी ‘ऐल्फा’ को अच्छे रिव्यूज नहीं मिले हैं। इसी के साथ फिल्म के पहले दिन की कमाई की बात करें तो ‘ऐल्फा’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में नाकामयाब होती दिख रही है।

इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनिंग डे पर ‘ऐल्फा’ ने देशभर में 7,534 शोज के साथ सिर्फ 9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल ग्रॉस कमाई 10.80 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 9 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

वहीं, विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने धीमी शुरुआत करते हुए 5 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके बाद ‘ऐल्फा’ का पहले दिन का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 15.80 करोड़ रुपये हो गया है।

सिनेमाघरों में ऑक्यूपेंसी का बात करें तो, पहले दिन ‘ऐल्फा’ की सिनेमाघरों में कुल ऑक्यूपेंसी 20.40% रही। सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी 9.92%, दोपहर के शो में 17.85%, शाम के शो में 19.69%, जबकि रात के शो में सबसे ज्यादा 34.15% दर्शक पहुंचे। वीकेंड पर फिल्म को अच्छा रिस्पॉंस मिल सकता है लेकिन फिलहाल फिल्म के हाल कुछ खास नहीं है।

यह भी पढ़ें- ‘मैं मोटी और अनाकर्षक थी’, जब रेखा के साथ फोटोशूट से पीछे हट गए थे उनके को-स्टार

हालांकि इतनी धीमी शुरूआत के बावजूद ‘ऐल्फा’ ने ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में आलिया भट्ट की पिछली फिल्म ‘जिगरा’ को पीछे छोड़ दिया है। वासन बाला के निर्देशन में बनी ‘जिगरा’ ने पहले दिन भारत में 4.55 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। 80 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर केवल 56.93 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी और फ्लॉप साबित हुई थी।

अब ‘ऐल्फा’ को बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ और इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है। इसके बावजूद फिल्म ने ‘जिगरा’ से बेहतर शुरुआत की है।

वहीं, यशराज फिल्म के स्पाई यूनिवर्स की बात करें तो ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में ‘ऐल्फा’ ने ‘पठान’, ‘वॉर’, ‘वॉर 2’ और ‘टाइगर’ फ्रेंचाइजी की सभी फिल्मों से कम की कमाई के साथ ओपनिंग की है।