मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट हाल ही में सद्गुरु के साथ एक खास बातचीत में नजर आईं, जहां उन्होंने अपने डर, असफलताओं और मां बनने के अनुभवों पर खुलकर बात की। इस बातचीत में एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि उनकी साढ़े तीन साल की बेटी राहा भी अब फेल होने से डरने लगी है। इतना ही नहीं, आलिया ने किया कि क्या मैं एक अच्छी मां हूं। चलिए आपको बताते हैं कि अभिनेत्री के सवालों का सद्गुरु ने क्या जवाब दिया।

इस बातचीत का वीडियो सद्गुरु के यूट्यूब पर मौजूद है। सबसे पहले आलिया भट्ट ने सवाल करते हुए कहा, “मैं साढ़े तीन साल की एक बच्ची की मां हूं और वह मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी है, लेकिन उसे लेकर मैं हर समय चिंता में रहती हूं। मेरे पिता ने एक बार मुझसे पूछा था कि मां बनने का अनुभव कैसा होता है, तो मैंने कहा कि यह खुशी और चिंता का मिला-जुला एहसास है।”

यह भी पढ़ें: रणवीर इलाहबादिया ने जूही भट्ट संग कन्फर्म किया अपना रिश्ता, जानें क्या करती हैं यूट्यूबर की गर्लफ्रेंड

आलिया ने आगे कहा, “मैं हमेशा सोचती रहती हूं कि क्या मैं अच्छी मां हूं? क्या मैं सही बातें कह रही हूं? आज के समय में आप मुझे या किसी भी पैरेंट को क्या सलाह देंगे, क्योंकि बच्चे बहुत खूबसूरत और जिज्ञासु होते हैं और वे अपने शुरुआती कुछ सालों में आपसे ही जिंदगी सीखते हैं।”

सद्गुरु ने आलिया भट्ट को दिया जवाब

सबसे पहले सद्गुरु ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “क्या होगा अगर माता-पिता ही अच्छे न हों।” यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। इसके बाद आलिया भट्ट ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मेरी चिंता को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है, आप भी मानेंगे।”

अपने अनुभव साझा करते हुए सद्गुरु ने कहा, “मुझे खुशी है कि मेरी बेटी हुई, बेटा नहीं। जब मैं 10 साल का था, तो बहुत शरारती और खतरनाक काम करता था। मैं सोचता था कि अगर मेरा बच्चा ऐसा करेगा तो मैं कैसे संभालूंगा? लेकिन अच्छा हुआ कि मेरी बेटी ने ऐसा कुछ नहीं किया।”

इसके आगे सद्गुरु ने कहा, “जब बच्चा आपके पास होता है, तो सबसे पहले यह सोचना छोड़ दीजिए कि आपको उसे कुछ सिखाना है। आप और आपकी साढ़े तीन साल की बच्ची, उसका नाम क्या है?” इस पर अभिनेत्री ने जवाब दिया राहा। फिर सद्गुरु ने आगे पूछा, “आप दोनों में ज्यादा खुश कौन रहता है?” आलिया ने कहा, “वो।” फिर सद्गुरु ने कहा, “तो जिंदगी का सलाहकार किसे होना चाहिए?” इस पर आलिया मुस्कुराते हुए बोलीं, “वो।”

फिर इस पर सद्गुरु ने निष्कर्ष देते हुए कहा, “आपको सिखाने के लिए क्या बचता है? आपको बच्चे को बस देखना, सुनना और समझना चाहिए, क्योंकि वे आपसे ज्यादा जिंदगी के करीब होते हैं।”

आलिया भट्ट ने फेलियर के डर पर भी की बात

आलिया भट्ट ने अपनी बातचीत में फेलियर के डर पर भी बात की। उन्होंने कहा, “हम सभी को फेल होने का डर होता है। अब मेरी बेटी भी बड़ी हो रही है और वह हमेशा जीतना चाहती है। अगर कोई और पहले आ जाए, तो वह कहती है कि उन्होंने चीटिंग की। तब मैं उसे समझाती हूं कि नहीं, वो पहले आए हैं।” इसके बाद सद्गुरु और आलिया ने कई अन्य मुद्दों पर भी बात की।

यह भी पढ़ें: 116 मिनट की इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म के हर सीन में मिलेगा जबरदस्त ट्विस्ट, फ्री में है उपलब्ध