बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री का दिलचस्प संगम अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलने वाला है। फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज हो गया है, जिसमें अक्षय कुमार पहली बार पूरी तरह भोजपुरी अंदाज में नजर आ रहे हैं।

इस गाने में उनके साथ भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने जबरदस्त डांस और एक्सप्रेशंस से महफिल लूट ली है। गाने में अक्षय कुमार का देसी अवतार देखने को मिल रहा है।

हाफ स्लीव्स का खादी कुर्ता, धोती और बिहारी गमछे में अभिनेता पूरी तरह भोजपुरी रंग में रंगे नजर आए। वहीं अक्षरा सिंह के साथ उनकी केमिस्ट्री और मजेदार डांस मूव्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

‘घिस घिस घिस’ को अभिषेक शेखर ने लिखा है, जबकि इसे विक्रम मॉन्ट्रोज और सुप्रिया पाठक ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत भी विक्रम मॉन्ट्रोज ने तैयार किया है और कोरियोग्राफी गणेश आचार्य ने की है। गाने में कॉमेडी का तड़का भी भरपूर है। इसमें परेश रावल, तुषार कपूर, राजपाल यादव, जैकलीन फर्नांडीज और जॉनी लीवर भी नजर आ रहे हैं।

गाने की शुरुआत एक मजेदार डायलॉग से होती है, जहां परेश रावल कहते हैं, “वो पहले स्टार था, फिर फ्लॉप हीरो बना और अब भोजपुरी इंडस्ट्री में आइटम मैन बन गया है।” इस कॉमिक पंच ने फैंस को खूब हंसाया।

यह भी पढ़ें: अस्पताल में भर्ती होने की अफवाहों के बीच अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ के बाहर अफरा-तफरी, बेहोश हुआ फैन

सोशल मीडिया पर भी गाने को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। कई यूजर्स ने लिखा कि “पुराने वाले अक्षय कुमार वापस आ गए”, तो किसी ने इसे शादी-पार्टी का अगला सुपरहिट एंथम बताया। फैंस खासतौर पर अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग और भोजपुरी स्टाइल की तारीफ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सस्पेंस, ड्रामा और तीखी बहस: ‘सिस्टम’ से लेकर ‘दामिनी’ तक, ओटीटी पर देखें बॉलीवुड की बेहतरीन कोर्टरूम ड्रामा फिल्में

फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने किया है, जबकि इसे फिरोज नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को रिलीज होगी।