प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार, तब्बू, राजपाल यादव, परेश रावल समेत कई सितारे नजर आने वाले हैं। इस मूवी को एकता कपूर ने को-प्रोड्यूसर किया है। सोमवार को मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट का आयोजन किया गया था, जिसमें एकता ने खिलाड़ी कुमार को लेकर एक किस्सा शेयर किया। एकता ने बताया कि एक बार अक्षय ने उनकी फिल्म के लिए अपनी फीस वापस कर दी थी, क्योंकि वह मूवी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी।

अक्षय के इस जेस्चर से एकता हैरान रह गईं और उस समय उन्होंने उनके साथ एक और फिल्म बनाने का वादा किया। अब ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि शायद एकता साल 2013 में आई फिल्म ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’ के बारे में बात कर रही थीं। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं कि एकता ने क्या कहा।

यह भी पढ़ें: ‘4 घंटे तक मैं एक बार भी नहीं हिला’, विराट कोहली को पसंद आई ‘धुरंधर 2’, अनुष्का शर्मा ने की रणवीर सिंह की तारीफ

क्या बोलीं एकता कपूर

एकता ने कहा, “मैं लंबे समय से अक्षय के साथ काम करने का इंतजार कर रही थी। एक बात जो लोग नहीं जानते, वो ये है कि हमारी पहली फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वही इकलौते अभिनेता थे जिन्होंने मुझे फोन किया था।” एकता ने आगे बताया कि जब वह अभिनेता से मिलने गईं, तो उन्होंने एक चेक दिया।

निर्माता ने कहा, “उन्होंने मुझे चेक देते हुए कहा कि ये पैसे वापस ले लो, तुम्हारा नुकसान हुआ है। मैं हैरान रह गई। ऐसा कोई नहीं करता। इंडस्ट्री में मेरे 31 साल के करियर में किसी ने भी ऐसा नहीं किया। उन्होंने बहुत ही सहज तरीके से चेक दे दिया। फिर मैंने कहा कि नहीं सर, आप मेरी कंपनी के लिए एक फिल्म कीजिए, हम साथ में खूब पैसे कमाएंगे और आखिरकार वो फिल्म अब बन चुकी है।”

बता दें कि साल 2013 से अक्षय कुमार और एकता कपूर ने किसी भी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। वहीं, अक्षय के फिल्मों की बात करें, तो साल 2025 में उन्होंने चार मूवी की थी, जिसमें ‘स्काई फोर्स’, ‘केसरी चैप्टर 2’, ‘हाउसफुल 5’ और ‘जॉली एलएलबी 3’ शामिल थी। अब 2026 में उनकी पहली फिल्म ‘भूत बंगला’ ही रिलीज हो रही है। 

यह भी पढ़ें: ‘FIR से पहले वो आपके भी दोस्त थे’, जाकिर खान के मज़ेदार AIB जोक पर आलिया भट्ट हुईं हैरान