विवेक ओबेरॉय का बॉलीवुड करियर साल 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘कंपनी’ से शुरू हुआ था। मगर 2003 के बाद उनके करियर में बहुत सी मुश्किले आईं। इसका कारण था सलमान खान के साथ उनका विवाद, जिससे कोई भी अनजान नहीं है। इसके बाद उनके हाथ से कई प्रोजेक्ट निकल गए। अब विवेक ने अपने उस बुरे दौर को याद करते हुए बताया कि अक्षय कुमार ने उनकी मदद की थी।

मिर्ची प्लस को दिए इंटरव्यू में विवेक ने बताया कि जब उन्हें बॉलीवुड में लगभग बॉयकॉट कर दिया था, जब एक दिन उन्हें अचानक अक्षय कुमार का फोन आया। अक्षय ने पूछा, “कहां हो?” विवेक ने जवाब दिया कि वह घर पर हैं और काफी परेशान हैं। करीब आधे घंटे बाद अक्षय खुद उनके घर पहुंच गए।

अक्षय ने बढ़ाया था मदद का हाथ

उस वक्त का बताते हुए विवेक ने कहा, “उन्होंने कहा कि वह मेरे साथ बैठकर बात करना चाहते हैं। फिर उन्होंने मुझसे पूछा कि मैं किन मुश्किलों से गुजर रहा हूं।” इसके बाद अक्षय कुमार ने उन्हें एक ऐसी सलाह दी, जिसने उनका आत्मविश्वास वापस लौटाने में बड़ी भूमिका निभाई।

विवेक के मुताबिक, अक्षय ने कहा, “मैं जो कुछ हो रहा है, उसे बदल नहीं सकता, लेकिन तुम्हारी सोच को पॉजिटिव बनाने में मदद कर सकता हूं। मेरे पास बहुत सारे स्टेज शो के ऑफर आते हैं। फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त होने की वजह से मैं वे शो नहीं कर पाता। जो ऑफर मेरे पास आएंगे, मैं उन्हें तुम्हें दे दूंगा।”

यह भी पढ़ें: विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान के खिलाफ की प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया याद, ‘मैं आग से बच गया…’

विवेक ने कहा कि अक्षय का यह कदम उनके लिए बेहद खास था। उन्होंने कहा, “उन्होंने अपना काम मुझे दे दिया। आखिर किसी के लिए ऐसा कौन करता है?”

उन्होंने आगे बताया कि इन स्टेज शोज की वजह से वह दोबारा दर्शकों के सामने पहुंचे। लोगों का प्यार और तालियां सुनकर उनका आत्मविश्वास लौटा। साथ ही आर्थिक रूप से भी उन्हें राहत मिली।

विवेक ने कहा, “मेरी सबसे बड़ी निराशा यह थी कि मेरी फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही थीं, मुझे अवॉर्ड भी मिल रहे थे, फिर भी काम क्यों नहीं मिल रहा था? मेरा बॉयकॉट क्यों हो रहा था? अक्षय ने यह नहीं कहा कि वह मेरे लिए किसी से लड़ेंगे या लॉबी के खिलाफ खड़े होंगे। उन्होंने बस एक व्यावहारिक समाधान दिया, जिसने मेरी जिंदगी बदल दी।”

दबाव के कारण विवेक को काम नहीं दे पा रहे थे मेकर्स?

इससे पहले पिंकविला को दिए इंटरव्यू में विवेक ओबेरॉय ने दावा किया था कि सलमान खान के साथ विवाद के बाद उन्हें इंडस्ट्री में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा था, “ऐसी स्थिति से बाहर निकलना बहुत कठिन होता है। आप खुद से कहते रहते हैं कि बस एक फिल्म मिल जाए, फिर सब ठीक हो जाएगा। ‘ओमकारा’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों में अच्छा काम करने और तारीफ मिलने के बावजूद लोग मुझसे कहते थे कि वे मेरे साथ काम करना चाहते हैं, लेकिन उन पर बहुत दबाव है।”

यह भी पढ़ें: खूब खाता था, एक्सरसाइज करता था, ब्रेकअप से ऐसे डील करते थे अक्षय कुमार, 2-3 बार टूटा था दिल

विवेक ने बताया कि कई लोग उनसे कहते थे, “समझ जाओ यार, कौन पंगा लेगा?” उन्होंने कहा, “जब ऐसा होता है तो समझ नहीं आता कि इससे बाहर कैसे निकला जाए। आपने मेहनत की, अच्छा काम किया, लेकिन कुछ चीजें आपके नियंत्रण में नहीं होतीं। एक लॉबी लोगों पर दबाव बना रही थी कि वे मेरे साथ काम न करें।”

वर्क फ्रंट की बात करें तो विवेक ओबेरॉय अब निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ में विभीषण के किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।