बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी यह मूवी 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक्टर ने अपनी आने वाली मूवी ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर भी बात की और बताया कि यह अभी फिलहाल नहीं बन रही है। अक्षय के इस बयान ने एक बार फिर दर्शकों का दिल तोड़ दिया है। चलिए आपको बताते हैं कि खिलाड़ी कुमार ने आखिर इसे लेकर क्या कहा है।

शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बात करते हुए अक्षय ने कहा, “हेरा फेरी 3 अभी फिलहाल तो नहीं बन रही। मुझे खुद झटका लगा था। कोई बात नहीं, वेलकम बना ली। थोड़ा कुछ मंत्र पढ़ना पड़ेगा की सब ठीक हो जाए। अभी एक साल तो नहीं हैं। उसकी बहुत सारी दिक्कतें हैं, ऐसा नहीं है कि हम तीनों (स्टार्स) साथ नहीं हैं। ‘वेलकम टू द जंगल’ में हम तीनों साथ हैं।”

अक्षय कुमार ने आगे कहा, “कुछ चीजें होती हैं, जो मैं कैमरा पर नहीं बोल सकता। बहुत सारी चीजें, एग्रीमेंट्स हैं, जो प्रोजेक्ट को पीछे ले जाते हैं। अपने आप आएगा, जब वक्त आएगा तब बन जाएगी। बस यही है कि बुढ़ापा ना हो जाए तब तक।”

यह भी पढ़ें: ‘भूत बंगला’ की शानदार शुरूआत, अक्षय कुमार की फिल्म ने तोड़ा कार्तिक की ‘भूल भुलैया 2’ का ओपनिंग डे रिकॉर्ड

क्या है ‘हेरा फेरी 3’ से जुड़ा विवाद

जिन लोगों को इस बारे में नहीं पता, उन्हें बता दें कि ‘हेरा फेरी 3’ को शुरू से ही कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रोडक्शन हाउस सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल ने फिल्म निर्माताओं के खिलाफ केस दर्ज किया। उनका कहना है कि साजिद नाडियाडवाला के पास सिर्फ एक ही फिल्म के रीमेक का अधिकार था। जो कि मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ (1989) की हिंदी रीमेक थी। यही फिल्म साल 2000 में ‘हेरा फेरी’ के नाम से रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था।

हालांकि, सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल का आरोप है कि साजिद नाडियाडवाला ने कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन किया और साल 2006 में ‘फिर हेरा फेरी’ बना डाली। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि नाडियाडवाला ने बिना अधिकार के ही इस फ्रेंचाइजी के राइट्स तीसरे पक्ष अक्षय कुमारके प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स को ट्रांसफर कर दिए। फिलहाल यह मामला कोर्ट में चल रहा है।

यह भी पढ़ें: 3 साल 8 फ्लॉप, क्या प्रियदर्शन की ‘भूत बंगला’ से हो पाएगा अक्षय कुमार का कमबैक