बॉलीवुड में खिलाड़ी कुमार के नाम से मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। फिल्मी दुनिया में उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की सबसे ज्यादा चर्चा होती हैं। अक्की एक साल में ज्यादा मूवीज लाने के लिए जाने जाते हैं। अक्सर ऐसा मजाक भी किया जाता है, जब तक शाहरुख, सलमान और आमिर खान जैसे स्टार्स एक फिल्म लाते हैं, उतने दिनों में अक्षय कुमार की तीन फिल्में रिलीज हो जाती हैं। साल 2025 में एक्टर की कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली। अब उनकी एक आगामी फिल्म की रिलीज डेट पर बड़ा अपडेट आया है।
अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्मों की लिस्ट में भूत बंगला का नाम शामिल है। साल 2026 में इसके जरिए अक्षय कमाई के मोर्चे पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ाने का काम किया है। दरअसल, अक्की की मोस्ट अवेटेड फिल्म भूत बंगला की नई रिलीज डेट की घोषणा हो चुकी है। आइए जानते हैं कि अब बड़े पर्दे पर उनकी फिल्म किस दिन दस्तक देगी।
इस दिन रिलीज होगी अक्षय कुमार की भूत बंगला
मेकर्स ने भूत बंगला की नई रिलीज डेट का ऐलान करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। इसमें देखने को मिल रहा है कि एक काले रंग की बिली कलैंडर की एक तारीख पर नाखून से उस पर क्रॉस का निशान बनाती है। फिर उसके ऊपर कटोरी का दूध गिर जाता है। इसके बाद एक नई तारीख देखने को मिलती है। पोस्ट के कैप्शन में बताया गया कि भूत बंगला अब 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
यह भी पढ़ें: नेटफ्लिक्स की नंबर-1 बनी ये इंडियन सीरीज, 12 दिन में तोड़ा 50 मिलियन व्यूज का रिकॉर्ड
बता दें कि पहले मूवी को 15 मई 2026 के दिन रिलीज किया जाना था, लेकिन अब इसे पहले ही बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। मेकर्स का यह फैसला सोच समझकर लिया गया लग रहा है, क्योंकि उन्होंने अक्षय कुमार की इस साल आने वाली सारी फिल्मों के शेड्यूल के हिसाब से ही इसकी नई तारीख को तय किया है। खास बात है कि यह फिल्म सलमान खान की बैटल ऑफ गलवान से पहले रिलीज होगी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर सलमान खान की फिल्म को टक्कर देने के लिए अक्षय कुमार पहले से अपनी मजबूत पकड़ बनाए मिल सकते हैं।
