आकांक्षा चमोला एक बार फिर नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस शो में उन्होंने खुलासा किया कि वो और उनके पति अभिनेता गौरव खन्ना तलाक ले रहे हैं। गौरव शो में उनसे मिलने पहुंचे थे मगर आकांक्षा ने कहा है कि अच्छा होता कि उनका डॉग शो में आता।

कुछ दिनों पहले गौरव खन्ना लॉक अप में आकांक्षा से मिलने आए थे। जहां दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान गौरव और आकांक्षा दोनों भावुक नजर आए। मगर अब आकांक्षा ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है।

दरअसल शो में धीरज धूपर की पत्नी विन्नी अरोड़ा आने वाली हैं। इसका प्रोमो मेकर्स ने जारी किया। इसी के साथ आकांक्षा का वीडियो भी आया, जिसमें वो धीरज और उनकी पत्नी की मुलाकात को लेकर बात करती दिख रही हैं।

वो श्रेया कालरा के साथ बात करते हुए कहती दिख रही हैं कि गौरव के साथ मुलाकात से उन्हें सुकून नहीं मिला। गौरव उनके लिए नहीं बल्कि खुद के लिए आए थे। इसके बाद वो कहती हैं, “मेरा तो एक्स था। वरुण हंस रहा था और कह रहा था, ‘तेरा फैमिली कहां आया, तेरे पास तो स्ट्रेंजर आया था।'”

इसके बाद आकांक्षा ने कहा, “उससे अच्छा होता कि मेरे परिवार में से कोई मिलने आता।” जब श्रेया ने उनसे इसकी वजह पूछी तो आकांक्षा ने जवाब दिया, “मुझे अपने लिए कम्फर्ट चाहिए था। यह मुलाकात मेरे लिए कम और उसके लिए ज्यादा थी।” आकांक्षा ने आगे कहा, “अगर मेरी मम्मी, पापा या मेरा कुत्ता ही मिलने आ जाता, तो मुझे ज्यादा अच्छा लगता।”

बता दें कि शो के पहले एपिसोड में ही आकांक्षा ने बताया था कि वह और गौरव काफी समय से अलग रह रहे हैं और अपनी शादी खत्म करने की प्रक्रिया में हैं।

यह भी पढ़ें: ‘मैं आपके पास आउंगी मदद के लिए’, आकांक्षा चमोला ने राम कपूर से मांगा काम, कहा- लॉकअप के बाद मैं…

आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की शादी 24 नवंबर 2016 को हुई थी। शो में आकांक्षा से मिलने पहुंचे गौरव ने स्पष्ट किया था कि दोनों ने अलग होने का फैसला जरूर किया है, लेकिन अभी तक उन्होंने कानूनी तौर पर तलाक के लिए आवेदन नहीं किया है और वे अब भी पति-पत्नी हैं। आकांक्षा ने इसी रियलिटी शो में अपनी सेक्शुअलिटी और मां नहीं बनने की इच्छा पर भी खुलकर बात की है।