टीवी अभिनेता गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला ‘लॉक अप: सच या सजा’ में लगातार अपनी निजी जिंदगी से जुड़े बड़े खुलासे कर रही हैं। शो के प्रीमियर में उन्होंने बताया था कि वह और गौरव तलाक ले रहे हैं। अब हालिया एपिसोड में आकांक्षा ने तलाक के बाद की जिंदगी को लेकर खुलकर बात की है। साथ ही यह भी बताया कि वह फिर से शादी नहीं करेंगी।
शो में अपनी सबसे अच्छी दोस्त पामेला सेरेना से बात करते हुए आकांक्षा ने कहा, “मेरी शादी बहुत कम उम्र में हो गई थी, मैं 24 साल की थी। मैं दोबारा शादी नहीं करना चाहती। मुझे लगता है कि मेरा मन भर गया है। लेकिन अपनी जिंदगी में पहली बार मैं अकेले रहूंगी, न अपने माता-पिता के घर, न अपने पति के घर; मेरा अपना घर होगा। अब मैं जिंदगी भर अकेले ही रहूंगी।”
एक साल से अलग रह रहे हैं आकांक्षा और गौरव
शो के पहले एपिसोड में आकांक्षा ने कहा था, “गौरव और मैं तलाक ले रहे हैं। हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। हमने इसे सार्वजनिक नहीं किया था। यह हमारा आपसी फैसला है। हमारे बीच कोई दुश्मनी नहीं है। हम आज भी बात करते हैं। लेकिन हमें लगता है कि हम पार्टनर के तौर पर एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं क्योंकि हम दोनों भविष्य को अलग-अलग तरीके से देखते हैं।”
बच्चों को लेकर मतभेद बना वजह
शो में श्रेया कालरा और सूफी मोटीवाला से बातचीत के दौरान आकांक्षा ने बताया कि बच्चों को लेकर उनके और गौरव के विचार अलग थे। उन्होंने कहा, “शादी के बाद भी मेरे अंदर मां बनने की भावना नहीं आई। धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि मैं मां बनने के लिए नहीं बनी हूं। शुरुआत में गौरव इसके लिए तैयार थे, लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदल गई।
अब वह बच्चे चाहते हैं और मैं उन्हें यह कभी नहीं दे सकती। मैंने उन्हें पहले ही कह दिया था कि अगर वह चाहें तो मुझे छोड़ सकते हैं, क्योंकि ज्यादातर लोग शादी ही परिवार और बच्चों के लिए करते हैं। बाद में मुझे समझ आया कि वह सच में बच्चे चाहते हैं और मैं उन्हें वह खुशी नहीं दे सकती थी।”
गौरव ने दिया पूरा समर्थन
आकांक्षा के तलाक वाले बयान पर गौरव खन्ना ने कहा, “मैं वही कर रहा हूं जो हमेशा करता आया हूं। प्यार भी वही है और समर्थन भी। मैं हमेशा आकांक्षा का साथ दूंगा। अगर मैंने उनसे प्यार किया है तो पीछे क्यों हटूंगा? मैं हमेशा उनके लिए खड़ा रहूंगा। उम्मीद करता हूं कि वह शो अच्छा खेलें और जीतें।”
बाइसेक्शुअल होने का भी किया खुलासा
पिछले हफ्ते आकांक्षा चमोला शो में भावुक हो गई थीं जब उन्होंने बताया कि वह बाइसेक्शुअल हैं। उन्होंने कहा कि शादी से पहले उनके कई महिलाओं के साथ रिश्ते रहे हैं और पुरुष-प्रधान दुनिया में उन्हें महिलाओं के साथ ज्यादा सहजता और अपनापन महसूस होता है।
