टीवी एक्टर राम कपूर इन दिनों ‘लॉक अप: सच या सजा’ में अपने बयानों की वजह से लगातार चर्चा में हैं। शो के पहले दिन से ही उनके कई बयान विवादों में रहे हैं और बाकी कंटेस्टेंट्स भी कई बार उनसे असहमति जता चुके हैं। अब एक बार फिर शादी और चीटिंग को लेकर दिए गए उनके बयान ने बहस छेड़ दी है।
दरअसल, शो में हर्षद चोपड़ा ने बताया कि उनकी गर्लफ्रेंड ने उनके बेस्ट फ्रेंड के साथ उन्हें धोखा दिया था। इसी मुद्दे पर चर्चा के दौरान श्रेया कालरा ने सवाल पूछा कि अगर आपका पार्टनर आपको चीट कर दे तो क्या रिश्ता खत्म कर देना चाहिए या उसे दूसरा मौका देना चाहिए?
शादी में चीटिंग पर राम कपूर का बयान
इस पर राम कपूर ने कहा कि अगर रिश्ता सच्चा है तो दोनों लोगों को दोबारा अपना कनेक्शन बनाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शादी आसान नहीं होती, यह एक लंबा सफर है, जिसमें हर दिन रिश्ते पर काम करना पड़ता है। 20-25 साल के रिश्ते में अच्छे और बुरे दोनों दौर आते हैं। अगर ऐसे किसी बुरे वक्त में एक पार्टनर से चीटिंग जैसी गलती हो जाए और परिवार या बच्चों की खातिर रिश्ता बचाना जरूरी लगे, तो समय के साथ सब ठीक हो सकता है। उनके मुताबिक, अगर प्यार सच्चा हो तो चीटिंग भी रिश्ता खत्म करने की वजह नहीं बननी चाहिए।
आकांक्षा चमोला ने जताई असहमति
राम कपूर की इस बात पर एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला ने तुरंत विरोध जताया। उन्होंने कहा, “फिजिकल रिलेशन बनाना कोई गलती नहीं होती। ये एक सब सोच-समझकर लिया गया फैसला होता है। इसे गलती कहकर नहीं टाला जा सकता।”
ऑनस्क्रीन किसिंग पर भी बोले राम कपूर
इसी एपिसोड में ऑनस्क्रीन किसिंग सीन को लेकर भी चर्चा हुई। कंटेस्टेंट माधुरी ग्रोवर ने कहा कि किसी भी पत्नी के लिए अपने पति को स्क्रीन पर दूसरी महिला को किस करते देखना आसान नहीं होता।
इस पर राम कपूर थोड़ा नाराज नजर आए। उन्होंने कहा, “मैं इससे बिल्कुल सहमत नहीं हूं। चाहें तो मैं आपको अपनी पत्नी गौतमी का नंबर दे सकता हूं, आप उनसे बात कर लीजिए।”
राम ने आगे कहा कि एक पति की जिम्मेदारी होती है कि वह अपनी पत्नी को इतना प्यार और भरोसा दे कि उसे असुरक्षा महसूस न हो। उन्होंने बताया कि वह अब तक तीन अलग-अलग एक्ट्रेसेस के साथ ऑनस्क्रीन किसिंग सीन कर चुके हैं और हर बार उनकी पत्नी गौतमी कपूर ने उनका पूरा साथ दिया।
यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी आजादी…’, क्या दोबारा प्यार में पड़ेंगी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से तलाक की घोषणा के बाद एक्ट्रेस ने कही ये बात
राम ने कहा, “मैंने भारतीय टेलीविजन का पहला लिप-टू-लिप किस साक्षी तंवर के साथ किया था। उस वक्त काफी विवाद हुआ था, लेकिन गौतमी ने मुझसे सिर्फ इतना कहा था- ‘जाओ, मुझे तुम पर गर्व हो।’ तभी मुझे समझ आ गया था कि वह मेरे काम को समझती हैं और मुझ पर पूरा भरोसा करती हैं।”
गौतमी कपूर भी पहले बता चुकी हैं कि जब राम ने उन्हें रात करीब ढाई बजे फोन करके किसिंग सीन के बारे में बताया था, तो पहले तो उन्होंने फोन काट दिया था। लेकिन बाद में उन्होंने सोचा कि एक्टर्स सिर्फ अपना काम कर रहे होते हैं और फिल्म या टीवी सेट पर रोमांस जैसा कुछ नहीं होता। अगले दिन जब राम घर लौटे तो उन्होंने उन्हें गले लगा लिया। शो से जुड़े अपडेट के बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
