बॉलीवुड की खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेसेस में शुमार ऐश्वर्या राय बच्चन आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी खूबसूरती और शानदार एक्टिंग से उन्होंने दुनियाभर में खास पहचान बनाई है। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद ऐश्वर्या ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और देखते ही देखते लाखों दिलों की धड़कन बन गईं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर ऐश्वर्या एक्ट्रेस नहीं बनतीं तो वह क्या बनना चाहती थीं? मिस वर्ल्ड बनने के बाद उनका एक सपना अधूरा रह गया था. जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं ऐश्वर्या राय की जिंदगी से जुड़ी इस दिलचस्प कहानी के बारे में।

ऐश्वर्या राय का जन्म 1 नवंबर 1973 में कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ था। उनके पिता कृष्णराज राय मरीन इंजीनियर थे और मां वृंदा राय एक राइटर हैं। काम के चलते उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया और उन्होंने अपनी पढ़ाई यहीं पूरी की। ऐश्वर्या राय बहुत ही इंटेलीजेंट स्टूडेंट थीं। उन्हें साइंस पढ़ना अच्छा लगता था।

कॉलेज में उन्होंने आर्किटेक्चर में एडमिशन लिया। पढ़ाई शुरू हुई और बाद में 1994 में उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग ले लिया। वहां वह जीत नहीं पाईं और सिर्फ शो की रनर-अप रहीं। इस प्रतियोगिता में सुष्मिता सेन विजेता बनी थीं।

ऐश्वर्या राय ने दूसरे साल में छोड़ी आर्किटेक्चर की पढ़ाई

बाद में उसी साल उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जहां ऐश्वर्या राय ने ये खिताब अपने नाम किया। उस समय एक्ट्रेस अपनी आर्किटेक्चर की पढ़ाई के दूसरे साल में थीं। उन्होंने बहुत कोशिश की कि वह मॉडलिंग और इन खिताबों को जीतने के बाद भी अपनी पढ़ाई को जारी रख सकें लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।

यह भी पढ़ें- सोता रहा परिवार और संजय गुप्ता इस दुनिया को छोड़कर चले गए, मौत के बाद वायरल हुआ आखिरी पोस्ट

इस बारे में ऐश्वर्या राय ने भी जी कैफे के साथ इंटरव्यू में बताया था कि वह पढ़ना चाहती थीं और आर्किटेक्ट बनने का सपना पूरा करना चाहती थीं लेकिन लगातार काम मिलने के कारण वह ऐसा नहीं कर पाईं।

जब मिलने लगीं बैक-टू-बैक फिल्में

एक के बाद एक उन्हें फिल्मों और मॉडलिंग के प्रोजेक्ट्स मिलते गए और उनकी पढ़ाई पीछे छूटती चली गई। उन्होंने साल 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म इरुवर से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा लेकिन उन्हें सफलता 1999 की फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ से मिली।

फिल्म में सलमान खान के साथ उनकी जोड़ी और नंदिनी के किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इतना ही नहीं इसी फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब भी मिला।

पहली भारतीय अभिनेत्री जो कांस की जूरी मेंबर बनीं

फिर साल 2002 में उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ ‘देवदास’ फिल्म में काम किया। यहां से उनकी एक्टिंग और खूबसूरती के चर्चे और ज्यादा बढ़ गए। पारो का आईकॉनिक किरदार दर्शकों के दिल में छप गया। ऐश्वर्या राय ने अपने करियर में हर तरह के रोल को प्ले किया है।

एक्ट्रेस हिंदी के अलावा तमिल, बंगाली, अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है। ऐश्वर्या राय पहली भारतीय एक्ट्रेस थीं जो साल 2003 में कांस फिल्म फेस्टिवल की जूरी का हिस्सा भी बनी थीं।

यह भी पढ़ें- शाहरुख खान की ‘किंग’ ने रिलीज से पहले रचा इतिहास, करोड़ों में बिके विदेशी राइट्स, अब खुद का रिकॉर्ड तोड़ने का बना दबाव

फ्रांस सरकार से मिला सम्मान

साल 2009 में उन्हें भारत में पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। ऐश्वर्या राय को फ्रांस सरकार ने भी ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स का सम्मान दिया था। आज भी एक्ट्रेस भारत के अलावा इंटरनेशनल लेवल पर भी एक खास पहचान बनाए हुए हैं।