पिछले कुछ समय से कई मशहूर हस्तियों ने तेजी से अपना वजन कम किया है। इनमें बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर, कॉमेडियन एक्टर, कपिल शर्मा, साउथ स्टार जूनियर एनटीआर, एक्टर राम कपूर और अब कॉमेडियन ऐश्वर्या मोहनराज का नाम भी जुड़ गया है। इन लोगों से लगातार वजन घटाने वाली दवाओं के बारे में सवाल पूछे जा रहे हैं। ओजेम्पिक और मौनजारो जैसी दवाओं के बढ़ते चलन के साथ, सेलिब्रिटीज के शारीरिक बदलाव सवालों के घेरे में आ गए हैं। हालांकि सभी ने ऐसी दवाओं के सेवन से वजन कम करने की बात से इनकार कर दिया है, लेकिन ऐश्वर्या ने ये माना की उन्होंने इन्हीं की मदद से अपना वजन कम किया है। इस मामले में खुलकर बात करने के लिए सोहा अली खान ने उनकी तारीफ की है।

हाल ही में, कॉमेडियन और इन्फ्लुएंसर ऐश्वर्या मोहनराज ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने मौनजारो के इस्तेमाल के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। इंटरनेट पर कई लोगों ने ऐश्वर्या के इस ईमानदार खुलासे का समर्थन किया, वहीं उन्हें कुछ आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा। अब, एक्ट्रेस सोहा अली खान ने यह बात खुलकर कहने के लिए ऐश्वर्या के साहस की सराहना की है।

सोहा ने किया ऐश्वर्या का समर्थन

बुधवार को सोहा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ऐश्वर्या के अपनी जर्नी के पीछे की सच्चाई बताने के लिए उनका समर्थन किया। एक वीडियो में उन्होंने कहा, “आखिरकार किसी ने तो ये बात कही। उन्होंने न सिर्फ सही खान-पान या व्यायाम से, बल्कि मौनजारो डाइट से अपना काफी वजन कम किया और मुझे लगता है कि सच बोलने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।”

यह भी पढ़ें: ‘शॉर्टकट है, Yes…’, Ozempic से पतले होने के दावे पर राम कपूर ने तोड़ी चुप्पी, बोले- उसमें गलत क्या है?

ऐश्वर्या ने अपने वीडियो में वजन घटाने वाली दवाओं के बारे में विचार करते समय हमेशा डॉक्टर की सलाह लेने और किसी इन्फ्लुएंसर की बातों पर भरोसा न करने का अनुरोध किया है। इस बात के बारे में बोलते हुए सोहा अली खान ने कहा, “ओजेम्पिक और मौनजारो वजन घटाने के कोई नए तरीके नहीं हैं। ये गंभीर चिकित्सा उपचार हैं और ये केवल कुछ खास लोगों के लिए हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘7 सात महीने तक सिर्फ एक बार खाना’, Ozempic के दावों को करण जौहर ने कहा झूठा, बताया कैसे घटाया अपना वजन

लोगों को दी सलाह

इसके साथ ही सोहा अली खान ने माना कि वजन कम करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है और यह केवल इच्छाशक्ति के बल पर नहीं हो सकता। इसमें कई चीजें भी जरूरी होती हैं, जिनमें हार्मोन, इंसुलिन प्रतिरोध, पीसीओएस, थायरॉइड और मेटाबॉलिज्म शामिल हैं। उन्होंने कहा, “इंजेक्शन मददगार हो सकते हैं, लेकिन वे गंभीर होते हैं और उनके दुष्प्रभाव भी होते हैं। इसके लिए जांच और डॉक्टर्स की देखरेख की आवश्यकता होती है। इसलिए, यह पूछने के बजाय कि कौन इंजेक्शन ले रहा है, हमें खुद से यह पूछना चाहिए कि वास्तव में इसकी जरूरत किसे है?”

इस हफ्ते की शुरुआत में, ऐश्वर्या मोहनराज ने स्ट्रिक्ट डाइट और वर्कआउट के बावजूद वजन कम करने के अपने संघर्ष के बारे में बात की। उन्होंने इस दौरान अपने मेंटल हेल्थ संबंधी संघर्षों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “मेरी सबसे बड़ी और अजीब सी इनसिक्योरिटी मेरी डबल चिन थी। मैंने वीडियो बनाना बंद कर दिया था। मैंने ऑनलाइन आना बंद कर दिया क्योंकि मैं खुद को देख नहीं पा रही थी। मैंने 6 महीने तक हर हफ्ते यह दवा ली। इन 6 महीनों में मेरा वजन 74 किलो से घटकर 52 किलो  हो गया। यह बहुत तेजी से हुआ। यह अविश्वसनीय है।” ये इंजेक्शन क्या है इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…