30 से अधिक बॉलीवुड कलाकारों वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ इस वक्त थिएटर में कमाल दिखा रही है। फिल्म को लेकर इसके निर्देशक अहमद खान ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी स्टारकास्ट, एक्शन और गानों के बावजूद फिल्म का कुल बजट 115 से 125 करोड़ रुपये के बीच ही रहा और इसे केवल 75 शिफ्ट में पूरा कर लिया गया।

कुछ दिन पहले रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, राजपाल यादव समेत कई कलाकार नजर आए हैं। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

अहमद खान ने टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में कहा कि फिल्म का खर्च 125 करोड़ रुपये से ऊपर नहीं गया। उनके मुताबिक, अगर ब्याज की रकम भी जोड़ दी जाए तब भी बजट इसी दायरे में रहा। उन्होंने बताया कि रिलीज से पहले ही फिल्म ने डिजिटल, सैटेलाइट, म्यूजिक और ओवरसीज राइट्स के जरिए अपनी लागत निकाल ली थी। अब बॉक्स ऑफिस से होने वाली कमाई सीधे मुनाफे में जुड़ रही है।

सिर्फ 75 शिफ्ट में पूरी हुई शूटिंग

अहमद खान ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में बताया कि फिल्म की शूटिंग महज 75 शिफ्ट में पूरी कर ली गई। हर शिफ्ट आठ घंटे की होती थी, लेकिन वास्तविक शूटिंग करीब 6 से 6.5 घंटे ही हो पाती थी। बाकी समय ब्रेक और अन्य जरूरी तैयारियों में निकल जाता था।

यह भी पढ़ें: ‘संजू बाबा को स्क्रिप्ट…’, शूटिंग शुरू करने के बाद संजय दत्त ने क्यों छोड़ी ‘वेलकम टू द जंगल’, डायरेक्टर अहमद खान ने किया खुलासा

स्टारकास्ट पर खर्च हुए 35 करोड़, अक्षय ने नहीं ली फीस

इससे पहले बॉलीवुड हंगामा की ही एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अक्षय कुमार ने फिल्म के लिए कोई तय फीस नहीं ली। उन्होंने प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल अपनाया, यानी फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी के आधार पर काम किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का सबसे बड़ा खर्च प्रोडक्शन पर हुआ, जो करीब 60 करोड़ रुपये था। वहीं बाकी कलाकारों की फीस पर लगभग 35 करोड़ रुपये खर्च किए गए। निर्देशक और टेक्निकल टीम को करीब 15 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि प्रिंट और पब्लिसिटी पर भी लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च हुए।

सेट पर रोज मौजूद रहते थे 900 लोग

द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए एक पुराने इंटरव्यू में अहमद खान ने बताया था कि शूटिंग के दौरान रोजाना 700 से 900 लोग सेट पर मौजूद रहते थे। उन्होंने कहा कि 30 कलाकारों के अलावा उनके साथ आने वाली टीम भी होती थी।

आमतौर पर हर स्टार के साथ करीब पांच लोग रहते थे, इसलिए सिर्फ कलाकारों और उनकी टीम की संख्या ही लगभग 150 तक पहुंच जाती थी। इतने बड़े सेटअप को संभालने के लिए दो बड़े मैदानों का इंतजाम करना पड़ा, क्योंकि वहां करीब 50 वैनिटी वैन पार्क करनी होती थीं।

यह भी पढ़ें: Welcome to the Jungle Collection: सोमवार को ‘वेलकम टू द जंगल’ की कमाई में आई 65.7% गिरावट, वर्ल्डवाइड फिल्म ने कमाए 106 करोड़ रुपये

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी, दिशा पाटनी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, फरीदा जलाल, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, उर्वशी रौतेला, यशपाल शर्मा, श्रेयस तलपड़े, विंदू दारा सिंह और दिवंगत पंकज धीर सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।