बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा धूपिया और उनके पति अंगद बेदी की शादी को पूरे 4 साल हो गए है। 10 मई यानी आज दोनों अपनी शादी की चौथी सालगिरह मना रहे हैं। नेहा और अंगद ने साल 2018 में एक दूसरे से शादी की थी। शादी की सालगिरह पर अंगद ने अपनी पत्नी के लिए क्यूट सा एक पोस्ट शेयर किया है।
नेहा धूपिया और अंगद बेदी की शादी परिवार वालों बीच गुरुद्वारे में हुई थी। जिससे नेहा के कई दोस्त भी हैरान थे। कपल ने दो दिन के अंदर ही सब प्लान किया, अंगद नहीं चाहते थे कि नेहा अपना मन बदले, इसलिए दोनों ने बहुत ही साधारण तरीके से शादी कर ली।
नेहा धूपिया की मानें तो अंगद ने उन्हें पहली बार दिल्ली के एक जिम में देखा था, तभी उन्होंने तय कर लिया था कि एक दिन वो नेहा को अपनी बनाकर रहेंगे। इसके बाद दोनों एक दोस्त की पार्टी में मिले, जहां उन्हें अंगद एक सज्जन पुरुष लगे। नेहा ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में अंगद से अपनी मुलाकात से लेकर शादी तक की कहा नी बताई।धीरे-धीरे दोनों दोस्त बन गए। नेहा ने बताया कि अंगद उनके साथ समय बिताने के लिए बेताब रहते थे।
नेहा से नहीं उनके घरवालों से की थी शादी की बात: नेहा ने बताया कि अंगद का प्रपोजल काफी अलग था। वो सीधा नेहा के माता-पिता के पास गए और उनसे नेहा का हाथ मांग लिया। एक्ट्रेस ने कहा,”मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं था, मैं उस वक्त किसी और को डेट कर रही थी। जब अंगद मेरे बॉयफ्रेंड से मिले तो वो उसके साथ काफी अच्छे थे। लेकिन मेरे लिए उसके प्यार को लेकर डाउट में थे।”
लोगों ने शादी पर दिया था बुरा रिएक्शन: नेहा ने बताया कि जब उनके घरवाले शादी के लिए मान गए तो वो सभी दिल्ली आ गए। दोनों ने दिल्ली के एक गुरुद्वारे में परिवार और खास दोस्तों के बीच शादी की। जब उन्होंने सोशल मीडिया पर शादी की जानकारी दी तो उनके फिल्म इंडस्ट्री के दोस्त दंग रह गए।
फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में नेहा ने खुलासा किया कि शादी के बाद इंस्टाग्राम पर शादी की खबर पोस्ट करने के बाद जब उन्होंने अपना फोन चेक किया तो उन्हें करीब 600 मेसेज आए हुए थे। लेकिन किसी ने भी उन्हें बधाई नहीं दी थी। हर कोई उनकी शादी को लेकर हैरान था।
इतना ही नहीं नेहा ने बताया कि किस तरह उनकी शादी को लेकर लोगों ने बाते बनाई। कई लोगों ने कहा,”लड़की ने इतनी देर से शादी की।” किसी ने कहा,”अच्छा लड़का छोटा है लड़की से।” हालांकि दोनों अपनी शादी से बेहद खुश हैं और दो बच्चों के माता-पिता है। उनका एक बेटा और एक बेटी है।