कुछ महीने पहले जब सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया था, तो उनके फैंस हैरान रह गए थे। अब ऐसा लग रहा है कि म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर प्रीतम भी कुछ ऐसा ही सोच रहे हैं।
अपने बर्थडे पर प्रीतम ने इंस्टाग्राम पर कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर कीं और एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी जिंदगी को थोड़ा अलग तरीके से जीना चाहते हैं और उन चीजों पर ध्यान देना चाहते हैं, जो लंबे समय से पीछे छूट गई थीं।
प्रीतम ने लिखा, “अब नई यात्राओं पर निकलने का समय आ गया है, जिन्हें मैंने काफी समय से टाल रखा था। मेनस्ट्रीम सिनेमा का सफर शानदार रहा, लेकिन मुझे हमेशा उन रास्तों ने ज्यादा आकर्षित किया है, जिन पर कम लोग चले हैं।”
उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की चिंता बढ़ गई। कई लोगों को लगा कि शायद प्रीतम बॉलीवुड के मेनस्ट्रीम म्यूजिक से ब्रेक लेने या रिटायर होने का इशारा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “लगता है अब प्रीतम भी म्यूजिक इंडस्ट्री से ब्रेक लेने वाले हैं।” वहीं दूसरे ने पूछा, “क्या प्रीतम ने बॉलीवुड म्यूजिक से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है?”
यह भी पढ़ें: सुरैया के इश्क में इस कदर दीवाना हुआ फैन, शादी की बारात लेकर पहुंच गया था उनके घर | रील गाथा
दरअसल, इससे पहले जनवरी में अरिजीत सिंह ने भी प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर होने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि अब वह नए प्लेबैक असाइनमेंट नहीं लेंगे और यह सफर उनके लिए बेहद खास रहा है।
प्रीतम और अरिजीत की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए हैं, जिनमें ‘केसरिया’, ‘तेरे हवाले’, ‘व्हाट झुमका’, ‘जनम जनम’ और ‘दिल्लीवाली गर्लफ्रेंड’ जैसे गाने शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: ‘शाहरुख ने कहा लूटेगी तुझे’, गौरी खान ने डिजाइन किया मीका सिंह का 99वां घर, देखें तस्वीरें
एक इंटरव्यू में प्रीतम ने बताया था कि वह काफी समय से रिटायरमेंट की बात कर रहे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि जब भी वह रिटायरमेंट की बात करते हैं, लोग हंसने लगते हैं। प्रीतम ने यह भी खुलासा किया था कि उन्होंने अरिजीत से कहा था, “जिस दिन मैं रिटायर हो जाऊंगा, तुम्हारे पास आऊंगा।” इस पर अरिजीत ने जवाब दिया था, “जिस दिन आप रिटायर होंगे, मैं भी रिटायर हो जाऊंगा।”
प्रीतम के मुताबिक, अगले ही दिन अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया और बाद में उन्हें फोन करके मजाक में कहा, “आपसे नहीं होगा।”
